समाजवादी पार्टी की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष अबू आसीम आजमी ने बुधवार को मुंबई में बड़ा राजनीतिक ऐलान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनाव में समाजवादी पार्टी किसी भी दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी और पूरी तरह अकेले मैदान में उतरेगी। आजमी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अंतिम क्षणों में फैसला बदलकर हमेशा धोखा देती है, इसलिए अब पार्टी किसी पर भरोसा नहीं करेगी।
आजमी ने बताया कि BMC की 227 सीटों में से समाजवादी पार्टी लगभग 150 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। उनके अनुसार, यह निर्णय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से चर्चा के बाद लिया गया है। आजमी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी अल्पसंख्यकों के लिए कुछ नहीं करती और उसका घमंड ही उसे कमजोर कर रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में नेतृत्व की भारी कमी है, इसी वजह से वह लगातार कमजोर होती जा रही है।
विपक्षी एकता पर भी उठे सवाल
मुंबई में आगामी BMC चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज है। विभिन्न दल अपने-अपने समीकरण तय करने में जुटे हैं। इससे पहले शिवसेना (UBT) ने कांग्रेस से संयम बरतने और अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा से बचने की अपील की थी। शिवसेना (UBT) ने चेतावनी दी थी कि विपक्ष की अलग-अलग लड़ाई से भारतीय जनता पार्टी को फायदा होगा और महा विकास आघाडी गठबंधन कमजोर हो जाएगा। पार्टी के मुखपत्र सामना में यह भी कहा गया था कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को ‘सबक सिखाने’ वाला बयान तभी सार्थक होगा, जब विपक्ष एकजुट बना रहे। इस राजनीतिक खींचतान के बीच समाजवादी पार्टी का अकेले चुनाव लड़ने का फैसला BMC चुनाव की तस्वीर को और रोचक बना रहा है।




