लखनऊ। उप्र की योगी सरकार ने बुधवार शाम को प्रशासनिक अमले में बड़ा फेरबदल किया। इस फेरबदल में संजय प्रसाद यूपी की ब्यूरोक्रेसी के नए शहंशाह बनकर उभरे। संजय प्रसाद को प्रमुख सचिव गृह और प्रमुख सचिव सूचना दोनों की जिम्मेदारी एक साथ दे दी गई है। गृह विभाग का यह वही पद है जो कभी अवनीश अवस्थी के पास हुआ करता था। यानी 2017 से 2022 के दौरान जिस कद के साथ अवनीश अवस्थी सीएम योगी के सबसे ताकतवर नौकरशाह थे है। अब वही कद संजय प्रसाद का होगा।
वरिष्ठ आईएएस अधिकारी नवनीत सहगल को अपर मुख्य सचिव सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के पद से हटाकर खेलकूद विभाग में तैनात कर दिया गया है। केंद्र सरकार से प्रतिनियुक्ति के बाद लौटे पार्थसारथी सेन शर्मा को प्रमुख सचिव चिकित्सा स्वास्थ बनाया गया है। बुधवार रात जारी अधिसूचना के अनुसार, अमित मोहन प्रसाद को अपर मुख्य सचिव खादी एवं ग्रामोद्योग बनाया गया है।
हिमांशू कुमार को ग्राम्य विकास एवं ग्रामीण अभियंत्रण सेवा विभाग का मुख्य सचिव बनाया गया है। वे अभी समाज कल्याण एवं अल्पसंख्यक कल्याण व मुस्लिम वक्फ बोर्ड के मुख्य सचिव थे। इससे पहले बुधवार को अपर मुख्य सचिव, गृह अवनीश अवस्थी आखिरकार सेवानिवृत्त हो गए। उप्र एक्सप्रेसवेज इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (यूपीडा) समेत उनके सभी विभागों का कार्यभार प्रमुख सचिव, मुख्यमंत्री व सूचना संजय प्रसाद को सौंपा गया है।




