नई दिल्ली। शिवसेना प्रवक्ता संजय राउत ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि महाविकास अघाड़ी से निकलने को तैयार हैं लेकिन पहले गुवाहाटी में बैठे विधायक मुंबई आएं और अपनी बात रखें।
राउत ने कहा कि गुवाहाटी में बैठकर मांग करने से कोई फायदा नहीं मुंबई आकर मांग करें तो फैसला होगा। शिवसेना की प्रेस कॉन्फ्रेंस में एकनाथ शिंदे गुट पर हमला करते हुए राउत ने कहा, ”इन लोगों की मुंबई आने की हिम्मत नहीं है। यहां पर आकर उन्हें जो कुछ कहना है वह कहना चाहिए। यहां पर आकर पत्र व्यवहार करना चाहिए लेकिन यह सभी लोग गुवाहाटी में बैठकर बातें बना रहे। हिम्मत है तो मुंबई वापस आइए। उद्धव जी के सामने अपनी बात रखें। मुझे पूरा भरोसा है कि आपकी बात सुनी जाएगी। 24 घंटों के अंदर वापस आइए। एमवीए से बाहर निकलने विचार करेंगे।”
इससे पहले संजय राउत ने कहाकि ऐसे राजनीतिक संकटों का सामना करने का हमारा पुराना अनुभव है। उन्होंने कहा कि शिवसेना अभी भी मजबूत है। विधायक क्यों गए, इसका खुलासा जल्द होगा। संजय राउत ने कहा कि गुवाहाटी गए 20 लोगों से अभी भी हमारा संपर्क बना हुआ है। उन्होंने कहा कि संजय ने कहा कि इस प्रसंग और ऐसे तूफानों का सामना करने का हमें पुराना अनुभव है। जो प्रेशर में पार्टी छोड़ता है, वह बाला साहेब का भक्त नहीं हो सकता। हम आज भी ठाकरे परिवार के साथ आखिरी सांस तक रहेंगे। उन्होंने कहा कि जब फ्लोर टेस्ट होगा, तो कौन पॉजिटिव है, कौन निगेटिव है, सब पता चल जाएगा।
वहीं महाराष्ट्र का राजनीतिक संकट संख्या बल के आधार पर परिवर्तित हो गया है। उद्धव के पास अब बहुत कम विधायक बचे हैं। संख्या के आंकड़ों से स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। दरअसल, इस समय 42 विधायक गुवाहाटी में हैं। इनमें 38 शिवसेना से, 3 निर्दलीय और 1 प्रहार जनशक्ति पार्टी का विधायक शामिल हैं। ऐसे में समझा जा सकता है कि शक्ति संतुलन किस ओर है। वहीं एकनाथ शिंदे के समर्थन में पोस्टर भी लगे दिखाई देने लगे हैं। मुंबई में उनके समर्थन में पोस्टर लगे हैं।




