जम्मू-कश्मीरः शोपियां सेक्टर में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। जिसमें सुरक्षाबलों ने 2 आतंकियों को मार गिराया है। सुराक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी करके रखी थी। साथ ही तलाशी अभियान भी लगातार जारी था। जिसके चलते सुरक्षाबलों को ये बड़ी कामयाबी मिली है।
जानकारी के मुताबिक, खुफिया एजंसियों को दक्षिण कश्मीर में शोपियां जिले के चीरबाग द्रगाड इलाके में आतंकियों के छिपे होने की ख़बर मिली थी, जिसके बाद से पुलिस, सेना और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने चीरबाग द्रगाड गांव में घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
आतंकियों ने खुद को घिरा हुआ देखकर सुरक्षाबलों में जोरदार फायरिंग शुरू कर दी। जिसके बाद सुरक्षाबलों ने आतंकियों को आत्मसमर्पण करने की बात कही, लेकिन आतंकियों ने बात न मानते हुए फायरिंग जारी रखी। जिसके चलते सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए 2 आतंकियों को मार गिराया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि क्षेत्र में छिपे हुए आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी थी, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हुई और आतंकियों को मार गिराया गया।
12 दिन में सात मुठभेड़, आठ आतंकी ढेर
घाटी में आतंकियों के खिलाफ लगातार सुरक्षाबलों का प्रहार जारी है। सुरक्षाबलों ने अक्तूबर के शुरूआती 12 दिनों के भीतर सात मुठभेड़ में आठ आतंकियों को मार गिराया, जो अलग-अलग आतंकी संगठनों से संबंधित थे। इनमें से ज्यादातर ऑपरेशन दक्षिण कश्मीर में हुए हैं और आठ आतंकियों में से सात को दक्षिण-कश्मीर के शोपियां और अनंतनाग जिले में मार गिराया है। वहीं जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक उच्च अधिकारी ने अमर उजाला को बताया कि इन कामयाबियों के पीछे ह्यूमन इंटेलिजेंस का बड़ा हाथ है।




