NationalTop News

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और घना कोहरा, 21 शहरों में शीतलहर का अलर्ट

उत्तर भारत इन दिनों भीषण ठंड और घने कोहरे की चपेट में है। दिल्ली-NCR से लेकर बिहार तक कोहरे की मोटी चादर छाई हुई है, जिससे सड़कों पर दृश्यता बेहद कम हो गई है। सुबह के समय हालात ऐसे बन गए हैं मानो पूरा शहर बादलों के बीच बस गया हो। पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं ने मैदानी इलाकों में ठिठुरन बढ़ा दी है।

मौसम विभाग ने उत्तर भारत के 21 शहरों में भीषण शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, अयोध्या, कानपुर, लखनऊ, रायबरेली, बिजनौर, आगरा, टुंडला और मुजफ्फरनगर में आज शीतलहर का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल सकता है। वहीं पहाड़ी राज्यों में भी ठंड अपने चरम पर है। कोलकाता में मंगलवार को जनवरी का अब तक का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया, जहां न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

दिल्ली के मौसम की बात करें तो मौसम विभाग ने 7 जनवरी की सुबह से दोपहर 11 बजे तक खतरनाक शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। राजधानी में आज न्यूनतम तापमान गिरकर 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

पंजाब के गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, फरीदकोट, मोगा और बठिंडा में सुबह के समय 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से शीतलहर चलने की संभावना है। वहीं हरियाणा के गुरुग्राम, सोनीपत और पानीपत में भी घने कोहरे और ठंड को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

इस बीच मौसम विभाग ने तीन राज्यों में बारिश की भी चेतावनी दी है। ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 48 घंटों में केरल, तमिलनाडु और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मछुआरों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। बारिश के चलते इन राज्यों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। वहीं उत्तर भारत के जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में फिलहाल बारिश की संभावना कम है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH