नई दिल्ली। उत्तर भारत में सर्दी का असर लगातार तेज होता जा रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार आने वाले दो से तीन दिनों तक हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, झारखंड और ओडिशा में शीतलहर से लेकर गंभीर शीतलहर जैसी स्थिति बनी रह सकती है। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे सुधार के संकेत मिल रहे हैं।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले पांच से छह दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत और बिहार के कई हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रह सकता है। बीते 24 घंटों के दौरान पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में घना से बेहद घना कोहरा दर्ज किया गया। कुछ स्थानों पर दृश्यता 50 मीटर से भी कम रही, जबकि पंतनगर और अमृतसर में दृश्यता लगभग शून्य तक पहुंच गई।
इन राज्यों में रहा शीत दिवस का असर
पिछले एक दिन में हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ क्षेत्रों में गंभीर शीतलहर की स्थिति देखी गई। वहीं पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में शीतलहर का प्रभाव बना रहा। उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा में गंभीर शीत दिवस दर्ज किया गया, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में दिनभर ठंड का असर रहा।
कई जगह तापमान सामान्य से नीचे
तापमान की बात करें तो जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया। वहीं हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली समेत उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों में रात का तापमान सामान्य से 3 से 6 डिग्री सेल्सियस कम रिकॉर्ड किया गया। देश के मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस हिसार में दर्ज किया गया।
बारिश और बर्फबारी की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 16 से 21 जनवरी के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसके अलावा 18 से 20 जनवरी के दौरान पंजाब और 18 से 19 जनवरी के बीच हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश के आसार हैं।
आगे कैसा रहेगा मौसम?
पूर्वानुमान के मुताबिक अगले चार दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि घने कोहरे, शीतलहर और शीत दिवस को लेकर मौसम विभाग की चेतावनी फिलहाल जारी रहेगी। लोगों को सतर्क रहने और जरूरी एहतियात बरतने की सलाह दी गई है।




