शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में नव-नियुक्त एसडीएम रिंकू सिंह राही का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह वकीलों की भीड़ के सामने सार्वजनिक रूप से कान पकड़कर उठक-बैठक करते दिख रहे हैं। यह पूरा मामला मंगलवार का है, जब उन्होंने पुवायां तहसील में पदभार ग्रहण किया था।
घटना की शुरुआत उस वक्त हुई जब तहसील परिसर का निरीक्षण करते हुए रिंकू सिंह राही ने एक व्यक्ति को खुले में पेशाब करते हुए देख लिया। बताया जा रहा है कि वह व्यक्ति एक वकील का मुंशी था। सार्वजनिक स्थान पर गंदगी फैलाने को लेकर एसडीएम ने उसे तत्काल उठक-बैठक की सजा दी। इस कार्रवाई से तहसील परिसर में मौजूद वकीलों में नाराज़गी फैल गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में वकील वहां इकट्ठा होकर विरोध जताने लगे।
विवाद को शांत करने के लिए एसडीएम राही खुद धरना स्थल पर पहुंचे और माइक से कहा, “अगर मेरी किसी बात या कार्रवाई से किसी की भावनाएं आहत हुई हों, तो मैं क्षमा चाहता हूं।” इसके बाद उन्होंने मंच पर ही पांच बार उठक-बैठक की, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
हाथरस जिले के निवासी रिंकू सिंह राही वर्ष 2022 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और दिव्यांग कोटे से चयनित हुए हैं। घटना के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने बताया, “मैंने उसी दिन कार्यभार संभाला था और परिसर का निरीक्षण कर रहा था। कुछ लोग खुले में शौच कर रहे थे। जब टोका, तो उन्होंने सफाई दी कि शौचालय की स्थिति खराब है, इसलिए बाहर कर रहे थे। मैंने उन्हें यह समझाने के लिए उठक-बैठक कराई कि ऐसा व्यवहार उचित नहीं है।”
फिलहाल मामला शांत हो गया है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय समुदाय के बीच संवाद और संवेदनशीलता की अहमियत को उजागर कर दिया है।




