NationalTop News

फुटबॉल खेलते समय गिर पड़े शिलांग के सांसद रिकी सिंगकॉन, कार्डियक अरेस्ट से निधन

मेघालय के शिलांग संसदीय क्षेत्र से लोकसभा सांसद और वॉइस ऑफ द पीपल पार्टी (VPP) के वरिष्ठ नेता रिकी एंड्रयू जे. सिंगकॉन का गुरुवार शाम अचानक निधन हो गया। वह 54 वर्ष के थे। बताया जा रहा है कि फुटसल फुटबॉल खेलते समय वह अचानक मैदान पर गिर पड़े और कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, रिकी सिंगकॉन गुरुवार शाम शिलांग के मावलाई मावियोंग इलाके में अपने दोस्तों के साथ एक दोस्ताना फुटसल मैच खेल रहे थे। खेल के दौरान वह अचानक कोर्ट पर गिरकर बेहोश हो गए। उन्हें तुरंत नजदीकी मावियोंग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए डॉ. एच. गॉर्डन रॉबर्ट्स अस्पताल रेफर किया गया, जहां रात करीब 8:45 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के मुताबिक, उनकी मौत कार्डियक अरेस्ट के कारण हुई।

रिकी सिंगकॉन ने 2024 के लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विंसेंट पाला को भारी मतों से हराकर पहली बार संसद में प्रवेश किया था। वह एक शिक्षक और प्रोफेसर के रूप में भी अपनी पहचान रखते थे। सादगीपूर्ण व्यक्तित्व और जमीनी स्तर पर सक्रियता के कारण वह जनता के बीच काफी लोकप्रिय थे।

सांसद के आकस्मिक निधन की खबर से पूरे राज्य में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि रिकी सिंगकॉन एक समर्पित जनप्रतिनिधि थे, जिन्होंने लोगों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य किया। उनका निधन राज्य और समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH