Top NewsUttar Pradesh

ग्रेटर नोएडा में एमआरआई जांच के दौरान छह वर्षीय बच्चे की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से एक बेहद दर्दनाक और गंभीर मामला सामने आया है। एमआरआई जांच के दौरान एक छह वर्षीय बच्चे की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए गलत इंजेक्शन और अधिक डोज देने की बात कही है। मामला बीटा-2 थाना क्षेत्र के सेक्टर पी-3 स्थित केपी हेल्थकेयर सेंटर का बताया जा रहा है।

दनकौर थाना क्षेत्र के रीलखा गांव निवासी प्रशांत कसाना अपने छह वर्षीय बेटे गर्व कसाना उर्फ चीकू की एमआरआई जांच कराने के लिए केपी हेल्थकेयर सेंटर पहुंचे थे। परिजनों के अनुसार, एमआरआई से पहले बच्चे को एक इंजेक्शन लगाया गया और उसे जांच के लिए अंदर ले जाया गया। इसी दौरान उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिवार का आरोप है कि जांच के समय बच्चे को भारी मात्रा में डोज दी गई, जिससे उसकी हालत लगातार खराब होती चली गई और वह बेहोश हो गया। जब परिजनों ने बच्चे की स्थिति और जांच रिपोर्ट के बारे में जानकारी मांगी तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। आरोप है कि सेंटर की ओर से बच्चे को एक और डोज देने की बात कही गई।

हालत में सुधार न होने पर परिजन बच्चे को तुरंत पास के प्रमहेक्स अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया और परिजनों ने केपी हेल्थकेयर सेंटर और संबंधित स्टाफ पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की। घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग और भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित लोगों ने हेल्थकेयर सेंटर पर ताला लगा दिया और प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की।

सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है और मृतक बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH