SportsTop News

महाकालेश्वर मंदिर में टीम इंडिया की जीत के लिए विशेष पूजा-अर्चना

टी-20 विश्व कप फाइनल से पहले देशभर में टीम इंडिया की विजय की कामनाओं के लिए श्रद्धालुओं की भागीदारी बढ़ गई है। उज्जैन स्थित महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और जलाभिषेक किया गया। देशभर के क्रिकेट प्रेमियों ने शिव मंदिरों में दीप जलाकर और मंत्रोच्चार के साथ टीम इंडिया की जीत के लिए प्रार्थना की।

उज्जैन में भक्तों ने भगवान महाकाल से भारतीय टीम को विजय का आशीर्वाद मांगा। महाकालेश्वर मंदिर में गर्भगृह में टीम इंडिया के खिलाड़ियों की तस्वीरें रखकर ‘विजयी भव’ का जाप किया गया। पुजारी ने बताया कि यह अनुष्ठान फाइनल में भारत की ऐतिहासिक जीत के लिए किया गया। एक महिला श्रद्धालु ने कहा, “हमने टीम इंडिया की जीत के लिए दिल से प्रार्थना की है।” मुजफ्फरनगर से आए अन्य भक्तों ने भी यही भावना जताई कि भगवान महाकाल टीम को शक्ति दें।

अहमदाबाद में नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले टी-20 विश्व कप फाइनल को लेकर देशभर में उत्साह का माहौल है। उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया ने बगलामुखी मंदिर में मिर्ची अनुष्ठान कराया। इस अनुष्ठान में 51 बटुकों ने टीम इंडिया के खिलाड़ियों की तस्वीरें रखकर मिर्ची, सरसों और अन्य पूजन सामग्री से करीब एक घंटे तक पूजा-अर्चना की। सांसद ने बताया कि रामदास महाराज के सानिध्य में यज्ञ कर माता बगलामुखी से प्रार्थना की गई कि टीम विरोधी टीम को पराजित कर फाइनल जीत सके।

भारत में क्रिकेट केवल खेल नहीं, बल्कि आस्था और भावनाओं का प्रतीक भी है। जब टीम मैदान पर उतरती है, तो दुआएं मंदिरों तक पहुंचती हैं। उज्जैन जैसे पवित्र स्थल पर ऐसे अनुष्ठान देश के क्रिकेट प्रेम और उत्साह को और मजबूत बनाते हैं।

 

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH