नई दिल्ली। पटना एयरपोर्ट एक विमान में उड़ान भरने के बाद आग लग गई। हालांकि गनीमत रही कि पायलट की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया। दरअसल स्पाइसजेट के उस विमान ने पटना से दिल्ली के लिए टेक ऑफ़ किया ही था कि उसके एक विंग में आग लग गई। इस विमान में 185 यात्री सवार थे। सभी यात्री बिलकुल सुरक्षित हैं।
बताया जा रहा है कि पक्षी के टकराने से यह घटना हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि विमान के नीचे के हिस्से में लोगों ने आग देखी और तेज आवाज भी आई। लोगों ने उस विमान से धुआं निकलते देखा। घटना की जानकारी मिलते ही एअरपोर्ट प्रशासन और उससे जुड़े सभी बड़े अधिकारी घटना स्थल पर पहुंच गए हैं। वहीं नागरिक उड्डयन महानिदेशालय के अनुसार दिल्ली जाने वाली स्पाइसजेट की उड़ान एक पक्षी की चपेट में आने और हवा में एक इंजन बंद होने के बाद पटना लौटी। सभी सवार यात्री सुरक्षित हैं।
पटना के डीएम ने बताया कि विमान को वापस सुरक्षित लैंड करा लिया गया है। ऐहतियात के लिए एम्बुलेंस पहुंच गई और एयरपोर्ट के सामने की जगह खाली कराई गई है। यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार विमान में आग लग गई थी। साथ ही विमान की आवाज भी बदल गई थी। इससे पहले की विमान हादसा होता, इस फ्लाइट को सुरक्षित लैंड करा लिया गया।




