अहमदाबाद| अंतिम 5 गेंदों में टीम को 28 रन की जरूरत थी। लगभग असंभव। पर यहीं चमका एक नाम, जो अब सबकी जुबां पर है…रिंकू सिंह। रिंकू ने लगातार 5 गेंदों पर 5 छक्के लगाकर कोलकाता नाइट राइडर्स को जीत दिला दी।
सिर्फ जीत ही नहीं दिलाई, कई रिकॉर्ड तोड़े। रिंकू से पहले अब तक किसी भी खिलाड़ी ने टी-20 लीग या इंटरनेशनल क्रिकेट के 20वें ओवर में 5 लगातार छक्के लगाकर अपनी टीम को जीत नहीं दिलाई थी। आखिरी ओवर में सबसे ज्यादा 29 रन बनाकर जीत दिलाने का भी रिकॉर्ड बना।
पांच छक्के खाने वाले यश दयाल इस दिन को कभी याद नहीं करना चाहेंगे। आखिरी ओवर में 31 रन देने वाले गेंदबाज का केकेआर ने उत्साहवर्धन किया है। ट्विटर पर कोलकाता स्थित फ्रैंचाइजी ने लिखा, चिन अप, बालक। बस एक कठिन दिन क्रिकेट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के लिए होता है। आप एक चैंपियन हैं, यश, और आप मजबूत वापसी करने वाले हैं।
आखिरी ओवर में केकेआर को जीत के लिए 29 रनों की जरूरत थी। दयाल द्वारा फेंके गए आखिरी ओवर की पहली गेंद पर उमेश यादव ने सिंगल लिया और आखिरी पांच गेंदों में 28 रन चाहिए थे, जिसे रिंकू सिंह ने दयाल के खिलाफ लगातार पांच छक्के जड़कर पूरा कर लिया। वह 21 गेंदों में एक चौके और छह छक्कों की मदद से 48 रन बनाकर नाबाद रहे। 25 वर्षीय रिंकू ने मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार भी अपने नाम किया।




