NationalTop News

आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम में मंदिर में भगदड़, 9 श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल, मुख्यमंत्री ने जताया शोक

श्रीकाकुलम|आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम ज़िले में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। काशी बुग्गा वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में कार्तिक मास की एकादशी के अवसर पर भारी भीड़ उमड़ने से भगदड़ मच गई। इस हादसे में कम से कम 9 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार, मृतकों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी थी। प्रवेश द्वार के पास अचानक धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई और कई लोग गिर पड़े। देखते ही देखते भगदड़ की स्थिति बन गई और कई श्रद्धालु एक-दूसरे के ऊपर गिरते चले गए।

हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। घायलों को पास के सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। जिला प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर कड़ी नजर रखी हुई है। स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि भीड़ नियंत्रण में चूक कहां हुई।

मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा, “श्रीकाकुलम जिले के काशीबुग्गा वेंकटेश्वर मंदिर में भगदड़ की घटना अत्यंत दुखद है। मैं मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। अधिकारियों को घायलों को सर्वोत्तम उपचार उपलब्ध कराने और राहत कार्यों की सख्त निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।”राज्य सरकार ने घटना की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH