मुंबई। ठग सुकेश चंद्रशेखर और एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडिस के रिश्ते को लेकर पहले भी कई सवाल उठ चुके हैं। लंबे समय से जैकलीन का नाम सुकेश के चलते सुर्ख़ियों में है। दोनों की साथ में कई तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी और अब एक्ट्रेस के खिलाफ ED ने एक चार्टशीट जारी की है।
ईडी की चार्टशीट का दावा है कि सुकेश ने जैकलीन के लिए श्रीलंका में एक घर खरीदा था। इतना ही नहीं उसने जुहू में एक बंगले के लिए अडवांस पेमेंट भी की थी। इसके साथ-साथ वो बहरीन में जैकलीन के पेरेंट्स को एक घर गिफ्ट कर चुका था। ईडी के मुताबिक, सुकेश ने अपनी सहयोगी पिंकी ईरानी को इन प्रॉपर्टी की खरीद के बारे में बताया था।
आपको बता दें कि पिंकी ही वह शख्स है जिसने सुकेश और जैकलीन की दोस्ती कराई थी। इसके बदले में पिंकी को करोड़ों रुपये की भारी-भरकम रकम भी मिली थी। सुकेश ने पिंकी को बताया था कि वह जुहू बीच पर जैकलीन के लिए घर खरीद रहा है। इसके लिए उसने एडवांस पेमेंट भी कर दी है।
फिलहाल ईडी मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सुकेश ने कोई प्रॉपर्टी खरीदी भी थी या नहीं। साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसने जो प्रॉपर्टी खरीदी है, उसमें लगा पैसा अवैध है या नहीं। ईडी की चार्जशीट में यह भी दावा किया गया है कि जैकलीन से जब पूछताछ की गई तो उन्होंने श्रीलंका वाले घर की बात को कुबूल किया। हालांकि उनका कहना है कि उन्होंने अब तक ये प्रॉपर्टी नहीं देखी है।




