SportsTop News

T20 वर्ल्ड कप 2026: 5 फरवरी को चार वेन्यू पर वॉर्म-अप मुकाबलों की धूम, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड समेत आठ टीमें मैदान में

T20 वर्ल्ड कप 2026 का 10वां संस्करण 7 फरवरी से शुरू होने जा रहा है। टूर्नामेंट से पहले सभी टीमें वॉर्म-अप मुकाबलों के जरिए अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे रही हैं। 5 फरवरी को एक ही दिन में चार अलग-अलग वेन्यू पर कुल आठ टीमें एक्शन में नजर आएंगी। फुल मेंबर टीमों में ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और जिम्बाब्वे अपने अभ्यास मैच खेलते हुए दिखाई देंगे।

दिन का पहला मुकाबला सुबह 11 बजे (IST) से कोलंबो के क्रिकेट क्लब ग्राउंड में ओमान और जिम्बाब्वे के बीच खेला जाएगा। इससे पहले इसी शहर में पाकिस्तान और आयरलैंड का वॉर्म-अप मैच बारिश के कारण बिना एक भी गेंद फेंके रद्द हो गया था। ओमान और जिम्बाब्वे दोनों ही टीमें जीत की लय के साथ उतरेंगी। ओमान ने अपने पिछले अभ्यास मैच में श्रीलंका ए को हराया था, जबकि जिम्बाब्वे ने नीदरलैंड्स को मात दी थी।

दिन का दूसरा बड़ा मुकाबला शाम 5 बजे (IST) से कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां 2021 की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया का सामना नीदरलैंड्स से होगा। यह मुकाबला नीदरलैंड्स के लिए कड़ी चुनौती माना जा रहा है, लेकिन अगर टीम अच्छा प्रदर्शन करती है तो पाकिस्तान के खिलाफ अपने पहले वर्ल्ड कप मैच से पहले उसका आत्मविश्वास बढ़ सकता है।

चेन्नई के एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम में दिन का तीसरा मुकाबला नेपाल और कनाडा के बीच दोपहर 1 बजे (IST) से खेला जाएगा। कनाडा को अपने पिछले वॉर्म-अप मैच में इटली के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी, जबकि नेपाल ने UAE के खिलाफ 146 रनों के लक्ष्य को आसानी से हासिल करते हुए सात विकेट से जीत दर्ज की थी।

दिन का आखिरी मुकाबला रात 7 बजे (IST) से नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां न्यूजीलीलैंड की टीम अमेरिका (USA) से भिड़ेगी। न्यूजीलैंड हाल ही में भारत के खिलाफ T20I सीरीज में 1-4 से हार के बाद यहां पहुंची है और यह उसका एकमात्र वॉर्म-अप मैच होगा। वहीं USA ने अपने पिछले अभ्यास मैच में इंडिया-ए के खिलाफ 239 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए 200 रन बनाए थे, जिससे टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ा है।

ये सभी वॉर्म-अप मुकाबले न केवल टीमों की रणनीति को परखने का मौका देंगे, बल्कि T20 वर्ल्ड कप से पहले खिलाड़ियों की फॉर्म और टीम कॉम्बिनेशन को लेकर भी अहम संकेत देंगे।

5 फरवरी के वॉर्म-अप मैचों का पूरा शेड्यूल

  • जिम्बाब्वे बनाम ओमान, कोलंबो क्रिकेट क्लब ग्राउंड, कोलंबो – सुबह 11 बजे (IST)
  • नेपाल बनाम कनाडा, एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम, चेन्नई – दोपहर 1 बजे (IST)
  • ऑस्ट्रेलिया बनाम नीदरलैंड, आर. प्रेमदासा स्टेडियम, कोलंबो – शाम 5 बजे (IST)
  • न्यूजीलैंड बनाम USA, डीवाई पाटिल स्टेडियम, नवी मुंबई – शाम 7 बजे (IST)

भारत में कहां देखें वॉर्म-अप मुकाबले

भारतीय दर्शक चेन्नई में खेले जाने वाले नेपाल बनाम कनाडा और नवी मुंबई में खेले जाने वाले न्यूजीलैंड बनाम USA वॉर्म-अप मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार पर देख सकेंगे। इन मुकाबलों का टीवी पर लाइव टेलीकास्ट नहीं होगा। कोलंबो में खेले जाने वाले वॉर्म-अप मैच भी भारत में ब्रॉडकास्ट नहीं किए जाएंगे।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH