अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में तालिबान के घुसने के बाद से पूरे देश में डर, परेशानियों और अफरा-तफरी का माहौल है। अफगानिस्तानी लोग जल्द से जल्द देश छोड़ कर दूसरे देशों की तरफ जाने के लिए मजबूर दिख रहे है। लेकिन तालिबानी लोग उन्हे एयरपोर्ट जाने से रोक रहे है।
तालिबान के प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि उन्होंने एयरपोर्ट तक जाने वाली सड़कें ब्लॉक कर दी हैं। अफगान अब एयरपोर्ट तक नहीं जा पाएंगे। सिर्फ विदेशी नागरिकों को ही उस सड़क से एयरपोर्ट तक जाने की इजाजत होगी।
मुजाहिद ने कहा कि बीते दिनों में जो भी अफगान नागरिक काबुल एयरपोर्ट पर जुटे हैं, उन्हें अपने घर लौट जाना चाहिए। उसने यह भी कहा कि ऐसे लोगों को तालिबान की तरफ से कोई सजा नहीं दी जाएगी। बता दें कि तालिबान ने अमेरिकी सेना को काबुल से निकलने के लिए 31 अगस्त तक का समय दिया है। इसके चलते काबुल एयरपोर्ट पर देश छोड़ने के लिए जुटने वालों की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है।
तालिबान प्रवक्ता ने आगे कहा, “हम आगे अफगान नागरिकों को देश से बाहर ले जाने की इजाजत नहीं देंगे और हम इससे खुश भी नहीं हैं। अफगानिस्तान के डॉक्टरों और अकादमिकों को देश छोड़कर नहीं जाना चाहिए। उन्हें अपनी खूबियों वाले क्षेत्र में काम करना चाहिए।” बता दें कि बीते दिनों में अफगानिस्तान छोड़ने वाले ज्यादातर पढ़े-लिखे लोग हैं। इनमें सबसे बड़ी संख्या महिलाओं की है।




