Top NewsUttar Pradesh

अमरोहा में गाय के अवशेष मिलने से तनाव, महाशिवरात्रि से पहले माहौल बिगाड़ने की आशंका

उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। महाशिवरात्रि से पहले सड़क किनारे गाय का कटा हुआ सिर और अन्य अवशेष मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद हिंदू संगठनों में आक्रोश देखने को मिला है और उन्होंने विरोध प्रदर्शन व आंदोलन की चेतावनी दी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करते हुए जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला

यह घटना अमरोहा के थाना नौगांवा सादात क्षेत्र की है। धनौरा–अमरोहा मार्ग पर एक निजी लॉ कॉलेज के पास सड़क किनारे गाय के अवशेष पड़े मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गाय का सिर और कुछ अवशेष सड़क किनारे मिले हैं, जबकि शरीर के अन्य हिस्से वहां नहीं थे।घटना की जानकारी फैलते ही बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद सहित कई हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए। उनका आरोप है कि गोकशी के बाद जानबूझकर अवशेष सड़क पर फेंके गए, ताकि धार्मिक माहौल को बिगाड़ा जा सके।

हिंदू संगठनों में आक्रोश

मौके पर पहुंचे हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने कहा कि महाशिवरात्रि नजदीक है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु कांवड़ यात्रा पर निकले हुए हैं। ऐसे समय में इस तरह की घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि जल्द सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे। विश्व हिंदू परिषद के एक पदाधिकारी ने बताया कि यह घटना धनौरा रोड स्थित एक लॉ कॉलेज के पास हुई है, जो मूंढा पुलिस चौकी क्षेत्र में आता है। उनका कहना है कि इस इलाके में पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पाती।

जांच में जुटी पुलिस

घटना के बाद पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और स्थिति को नियंत्रण में बताया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। अवशेषों को कब्जे में लेकर जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना के पीछे कौन लोग हैं और इसका उद्देश्य क्या था। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH