लखनऊ। लखनऊ के गोमती नगर विस्तार के शिप्रा अपार्टमेंट के फ़्लैट नंबर 11 में रहने वाले एक ठेकेदार ने फांसी लगाकार आत्महत्या कर ली। मृतक का नाम प्रशांत विजय सिंह है। वो अपने फ़्लैट में पत्नी और दो बच्चों के साथ रहते थे।
मृतक के बेटे अर्नव सिंह के मुताबिक, शुक्रवार रात 11 बजे वह अपने कमरे मे पढ़ाई कर रहा था। इसी बीच उसके पिता प्रशांत सिंह कमरे में पहुंचे और कहा कि वह बाहर जाकर पढ़ाई कर ले। इसके बाद कमरा बंद कर लिया। अर्नव के मुताबिक कुछ देर बाद दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। रात 12 बजे तक दो तीन बार परिवार के सभी लोगों ने दस्तक दी लेकिन प्रशांत ने कोई जवाब नहीं दिया। सुबह 4 बजे के करीब परिवार के लोग फिर उसे जगाने गए लेकिन दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद प्रशांत के परिजनों ने किसी अनहोनी की आशंका के मद्देनजर पुलिस को सूचना दी।
प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह के मुताबिक सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर पंखे के गुंडे से प्रशांत विजय सिंह का शव लटक रहा था। पुलिस ने शव को नीचे उतारा और पूरे कमरे की तलाशी ली। पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है जिसमें एक मुकदमे का जिक्र किया गया हैजिसे लेकर वह काफी तनाव में रहता था। आनिल सिंह के मुताबिक प्रशांत के खिलाफ एक लड़की ने इंदिरा नगर थाने में दुष्कर्म, , धमकी, रंगदारी जैसे गंभीर मामलों में मुकदमा दर्ज कराया था जिसके बाद उसे 3 मई को गिरफ्तार किया गया था । कोर्ट ने उसे 15 जुलाई को जमानत दी थी। रिहा होने के बाद वो घर आया तभी से वह काफी तनाव में रहता था।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।




