नई दिल्ली: देश के पांच प्रदेशों में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। जानकारी के अनुसार, भारतीय निर्वाचन आयोग आज रविवार शाम चार बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है।
बताया जा रहा है कि आयोग जिन प्रदेशों में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर सकता है, उनमें पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और असम शामिल हैं। इसके अलावा केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में भी विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान किया जा सकता है।
चुनाव आयोग ने विधानसभा चुनावों से जुड़े कार्यक्रम की घोषणा के लिए शाम चार बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में मतदान की तारीखों के साथ-साथ मतगणना और अन्य चुनावी कार्यक्रमों की जानकारी भी दी जा सकती है।
गौरतलब है कि इन पांचों प्रदेशों की विधानसभाओं का कार्यकाल मई और जून में अलग-अलग तारीखों पर समाप्त हो रहा है। चुनाव से पहले विशेष गहन मतदाता सूची संशोधन (एसआईआर) के तहत सभी राज्यों और पुडुचेरी की अंतिम मतदाता सूचियां प्रकाशित की जा चुकी हैं।
वहीं राजनीतिक दलों ने भी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची भी जारी कर दी है। ऐसे में अब सभी की नजर चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर टिकी हुई है, जिसमें चुनाव कार्यक्रम का औपचारिक ऐलान किया जा सकता है।




