SportsTop News

आईपीएल 2026 का पहला मैच आरसीबी और सीएसके के बीच होने की संभावना, 28 मार्च से शुरू होगा नया सीजन

आईपीएल 2026 का इंतजार क्रिकेट फैंस बेसब्री से कर रहे हैं। टूर्नामेंट का नया सीजन 28 मार्च से शुरू होने वाला है, लेकिन अब तक भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने पूरा शेड्यूल जारी नहीं किया है। हालांकि माना जा रहा है कि शेड्यूल जल्द ही सामने आ सकता है और शुरुआत के कुछ हफ्तों के मुकाबलों की घोषणा पहले की जाएगी।

बीसीसीआई की ओर से संकेत मिले थे कि 12 मार्च को शेड्यूल जारी किया जा सकता है, लेकिन यह पूरे सीजन का नहीं होगा। पहले लगभग 20 से 30 दिनों के मुकाबलों का कार्यक्रम जारी किया जाएगा, जबकि बाकी मैचों का शेड्यूल बाद में घोषित किया जा सकता है। इसी बीच टूर्नामेंट के पहले मुकाबले को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।

आमतौर पर आईपीएल के नए सीजन का पहला मैच पिछले सीजन की फाइनलिस्ट टीमों के बीच कराया जाता है। पिछले साल फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स आमने-सामने थीं, इसलिए माना जा रहा था कि इस बार भी उद्घाटन मैच इन्हीं दोनों टीमों के बीच होगा। हालांकि रिपोर्ट्स के मुताबिक इस परंपरा को इस बार बदला जा सकता है।

क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार आईपीएल 2026 का पहला मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला जा सकता है। अगर ऐसा होता है तो यह मैच 28 मार्च को बेंगलुरु में आयोजित किया जा सकता है। दोनों टीमों के बीच मुकाबला हमेशा से काफी रोमांचक माना जाता है, इसलिए इसे टूर्नामेंट का ब्लॉकबस्टर ओपनर बनाने की योजना हो सकती है। बीसीसीआई अक्सर कोशिश करता है कि आईपीएल का पहला मैच दो बड़ी और लोकप्रिय टीमों के बीच हो, ताकि टूर्नामेंट की शुरुआत जोरदार तरीके से हो सके। सीएसके, आरसीबी, मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स जैसी टीमों की फैन फॉलोइंग काफी ज्यादा मानी जाती है।

वहीं पंजाब किंग्स की बात करें तो रिपोर्ट्स के अनुसार टीम अपना पहला मुकाबला 29 मार्च को गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेल सकती है। यह मैच पंजाब के नए होमग्राउंड मुल्लांपुर में आयोजित होने की संभावना है। हालांकि इन सभी मुकाबलों की आधिकारिक पुष्टि तभी होगी जब बीसीसीआई आईपीएल 2026 का आधिकारिक शेड्यूल जारी करेगा, जिसका इंतजार अब कुछ ही समय में खत्म हो सकता है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH