Top NewsUttar Pradesh

उत्तर प्रदेश विधानमंडल का मानसून सत्र 11 अगस्त से होगा शुरू, कई अध्यादेशों को मिल सकती है मंजूरी

उत्तर प्रदेश विधानमंडल के मानसून सत्र की शुरुआत 11 अगस्त 2025 से होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में संसदीय कार्य विभाग के उस प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई है, जिसमें विधानसभा और विधान परिषद—दोनों सदनों—के वर्ष 2025 के द्वितीय सत्र (मानसून सत्र) की तिथि निर्धारित की गई है।

इससे पहले वर्ष 2025 का पहला सत्र 18 फरवरी को शुरू हुआ था, जिसका समापन 12 मार्च को हुआ था। सूत्रों के अनुसार, मानसून सत्र के दौरान राज्य सरकार कई महत्वपूर्ण अध्यादेशों को सदन में अनुमोदन हेतु पेश कर सकती है। इसके अलावा विभिन्न विधायी कार्यों को भी इस दौरान निपटाया जाएगा।

हालांकि, सत्र की तारीखवार विस्तृत रूपरेखा अभी सामने नहीं आई है। अनुमान है कि योगी सरकार इस सत्र के माध्यम से अपनी उपलब्धियों को सामने रखेगी और कांवड़ यात्रियों के लिए विशेष व्यवस्थाओं, कानून-व्यवस्था की स्थिति, सरकारी स्कूलों के विलय तथा बिजली आपूर्ति जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

वहीं दूसरी ओर, विपक्षी दल—जैसे समाजवादी पार्टी और कांग्रेस—सरकार को कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं जैसे मुद्दों पर घेरने की तैयारी में हैं। माना जा रहा है कि यह सत्र काफी हंगामेदार और राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हो सकता है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH