InternationalTop News

दिल्ली से खालिस्तानी संगठन SFJ के दो स्लीपर सेल गिरफ्तार, गणतंत्र दिवस से पहले माहौल बिगाड़ने की साजिश नाकाम

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने खालिस्तानी संगठन ‘सिख फॉर जस्टिस’ (SFJ) से जुड़े दो स्लीपर सेल को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू के लिए काम कर रहे थे और गणतंत्र दिवस से ठीक पहले राजधानी में अशांति फैलाने की साजिश में शामिल थे। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने 26 जनवरी से पहले दिल्ली के दो अलग-अलग इलाकों में दीवारों पर “खालिस्तान जिंदाबाद” जैसे प्रो-खालिस्तान नारे लिखे थे। इस हरकत का मकसद राष्ट्रीय राजधानी में तनाव का माहौल पैदा करना था। जांच में सामने आया है कि पन्नू ने इस काम के लिए दोनों को दो लाख रुपये का लालच दिया था।

कनाडा से रची गई थी साजिश

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि इस पूरी साजिश की योजना कनाडा में बैठकर बनाई गई थी। पन्नू के एक करीबी ने बलजिंदर और रोहित उर्फ कीरथ को यह काम करने के लिए हायर किया था। बलजिंदर दिल्ली में एम्बुलेंस चालक है, जबकि रोहित उसका सहयोगी बताया गया है। इस साजिश का मास्टरमाइंड तिलक नगर का रहने वाला है, जो 26 जनवरी से कुछ दिन पहले कनाडा चला गया था और वहां से सीधे पन्नू के संपर्क में था। पुलिस को पन्नू से जुड़े कुछ अन्य करीबियों की भी तलाश है, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है।

23 जनवरी को दर्ज हुई थी एफआईआर

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने 23 जनवरी को गुरपतवंत सिंह पन्नू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। यह एफआईआर पन्नू द्वारा सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो संदेश के बाद दर्ज की गई, जिसमें उसने गणतंत्र दिवस से पहले दिल्ली में शांति और कानून व्यवस्था बिगाड़ने की धमकी दी थी। मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 196 (समूहों के बीच शत्रुता बढ़ाना), 197 (राष्ट्रीय एकता के लिए हानिकारक दावे), 152 (भारत की संप्रभुता, एकता और अखंडता को खतरा) और 61 (आपराधिक षड्यंत्र) के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि समय रहते कार्रवाई कर एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया गया है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH