सीतापुर। यूपी की योगी सरकार में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना एक सड़क हादसे में बाल बाल बच गए। यूपी के सीतापुर में नेशनल हाईवे पर रांग साइड मुड़ रही एक कार मंत्री के काफिले में चल रही इनोवा कार से टकरा गई। इस हादसे में टाटा जेस्ट कार के परख्च्चे उड़ गए, जबकि मंत्री के काफिले में चल रही इनोवा का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर इतनी जोर थी कि इनोवा कार के एयरबैग खुल गये। हादसे की सूचना पर मौके पहुंची पुलिस ने मंत्री के काफिले को सकुशल रवाना कराया। क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल चल रही है।
उधर हादसे की खबर मिलते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई। हादसे के कुछ समय बाद मंत्री का काफिला अपनी मंजिल की ओर बढ़ गया। लेकिन हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय प्रशासन अलर्ट हो गया। मौके पर फौरन पुलिस पहुंची और जेसीबी की मदद से रास्ता साफ कर दिया गया। पुलिस टीम ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।
हालांकि खबर लिखे जाने तक मंत्री की तरफ से हादसे को लेकर कोई बयान जारी नहीं किया गया है। गनीमत ये रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लिया है। ये हादसा उस वक्त हुआ जब मंत्री का काफिला लखनऊ की तरफ जा रहा था।




