लखनऊ। यूपी विधासभा चुनाव में शर्मनाक प्रदर्शन के बाद मायावती मीडिया के सामने आई हैं। बता दें कि बीएसपी को यूपी विधानसभा चुनाव में महज एक सीट मिली है। मायावती ने मीडिया से कहा कि जातिवादी मीडिया ने झूठी खबरें फैलाईं और ये माहौल बनाने की कोशिश की कि चुनाव में टक्कर बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच है। इसके कारण बीएसपी का वोट बड़ी संख्या में सपा की तरफ शिफ्ट हुआ। साथ ही मायावती ने कहा कि जातिवादी मीडिया ने ये भी प्रचारित किया कि बीएसपी, बीजेपी की ‘बी टीम’ है।
बीएसपी सुप्रीमो ने अपने पार्टी कार्यकर्ताओं का हौसला अफजाई करते हुए कहा कि चुनाव परिणाम आगे के लिए सबक है। चुनाव परिणाम से हताश और निराश नहीं होना है। हमें जी-जान से पार्टी के काम में लगे रहना है। सपा कहीं जीत नहीं जाए, उसका गुंडा-माफियाराज वापस नहीं आ जाए, ऐसे में बीजेपी की गलत नीतियों के बावजूद अंदर-अंदर वोट उनको ट्रांसफर हो गया।
मायावती ने कहा कि अगर दलित और मुस्लिम एक होकर बीएसपी के पक्ष में वोट करते तो पश्चिम बंगाल की तरह चौंकाने वाले परिणाम आ सकते थे। उन्होंने आगे कहा कि समाजवादी पार्टी राज्य में बीजेपी को रोकने में सक्षम नहीं है। यूपी चुनाव में जो परिणाम आया है उससे हताश होने की जरूरत नहीं है। हम बाबा साहेब अंबेडकर के दिखाए रास्ते पर समाज के लोगों को साथ लेकर लड़ाई लड़ते रहेंगे।



