प्रयागराज। माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ को आज कसारी मसारी कब्रिस्तान में सुपुर्द ए खाक कर दिया गया। अतीक के दोनों नाबालिग बेटे एहजाम और अबान भी कब्रिस्तान में मौजूद रहे। दूसरी ओर अशरफ की दोनों बेटियां और पत्नी कब्रिस्तान पहुंच गई है। शाइस्ता के आने की संभावना थी लेकिन वह नहीं पहुंची है। कब्रिस्तान के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है।
इसके पहले माफिया डॉन अतीक और उसके भाई अशरफ की शनिवार रात हत्या कर दी गई। दोनों भाइयों को प्रयागराज में मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया था, जहां तीन हमलावरों ने उनकी हत्या कर दी। यह घटना बेटे असद के एनकाउंटर के बाद हुई।
प्रयागराज में गैंगस्टर से नेता बने अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की गोली मारकर हत्या करने के बाद गिरफ्तार किए गए तीनों हमलावरों को आज मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा। उन्हें पुलिस की हिरासत में रखा गया है और पूछताछ की जा रही है।
यूपी में धारा-144 लागू
कानून के मुताबिक इस तरह से पकड़े गए किसी भी अपराधी को 24 घंटे के अंदर रिमांड मजिस्ट्रेट के सामने पेश करना होता है। उत्तर प्रदेश पुलिस ने इस घटना के मद्देनजर पूरे राज्य में धारा 144 लागू कर दी है और प्रमुख सार्वजनिक प्रतिष्ठानों और संवेदनशील माने जाने वाले क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।




