Top NewsUttar Pradesh

लखनऊ में फ्लैट पाकर खिले लोगों के चेहरे, सीएम योगी का जताया आभार

लखनऊ। कार्तिक पूर्णिमा के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में माफिया से मुक्त कराई गई भूमि पर सरदार वल्लभभाई पटेल आवासीय योजना का लोकार्पण किया। जियामऊ, डालीबाग स्थित एकता वन में आयोजित भव्य समारोह में सीएम ने दुर्बल आय वर्ग के 72 परिवारों को फ्लैट के आवंटन पत्र वितरित किए।

फ्लैट पाकर खुश हुए लाभार्थियों ने जताया सीएम योगी का आभार

फ्लैट पाकर खुश हुए लाभार्थियों ने सीएम योगी के समक्ष अपनी भावनाएं व्यक्त की। उन्होंने भावुक होकर सीएम योगी का आभार व्यक्त किया और आशीर्वाद दिया। लोगों ने कहा कि वो सालों से लखनऊ में किराए के मकान में रहकर रोजी-रोटी कमा रहे हैं, लेकिन अपना आवास नहीं बना पाए। सीएम योगी की वजह से आज उनको अपना घर मिला है। इसमें प्रमुख रूप से सोनू कुमार कनौजिया, तारा देवी, शिखा अग्रवाल, सचिन कुमार सिंह, सुमन गुप्ता आदि लाभार्थी शामिल रहे।

ग्राउंड प्लस थ्री स्ट्रक्चर के 3 ब्लॉक में 36.65 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बनाए गए 72 फ्लैट

डालीबाग में अवैध कब्जे से खाली करायी गयी लगभग 2,322 वर्गमीटर भूमि पर एलडीए ने सरदार वल्लभ भाई पटेल आवासीय योजना लांच की। मंगलवार को लॉटरी प्रक्रिया को पूरी की गई थी। एलडीए वीसी ने बताया कि योजना में ग्राउंड प्लस थ्री स्ट्रक्चर के 3 ब्लॉक में 36.65 वर्गमीटर क्षेत्रफल के कुल 72 फ्लैट बनाये गये हैं। योजना की लोकेशन काफी प्राइम है। 20 मीटर चौड़ी बंधा रोड पर स्थित इस योजना से बालू अड्डा, 1090 चौराहा, नरही, सिकन्दरबाग एवं हजरतगंज चौराहा महज पांच से 10 मिनट की दूरी पर है। ईडब्ल्यूएस श्रेणी के इन भवनों की कीमत 10.70 लाख रुपये रखी गयी थी। योजना में स्वच्छ जल एवं विद्युत आपूर्ति, सुरक्षा व्यवस्था व दो पहिया वाहनों के लिए पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था की गयी है। यहां पर बाह्य विकास कार्य जैसे रोड और पार्क का निर्माण भी किया है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा, बृजलाल, संजय सेठ, महापौर सुषमा खर्कवाल समेत कई जनप्रतिनिधि व लखनऊ विकास प्राधिकरण से जुड़े अधिकारीगण मौजूद रहे।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH