स्टार कपल विराट कोहली और अनुष्का शर्मा एक बार फिर अपनी आस्था को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में दोनों वृंदावन पहुंचे, जहां उन्होंने संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम में जाकर आशीर्वाद लिया। उनकी इस आध्यात्मिक यात्रा की झलक सामने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई।
जानकारी के अनुसार, विराट और अनुष्का सोमवार को ही वृंदावन पहुंच गए थे। मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे दोनों प्रेमानंद महाराज के आश्रम पहुंचे और लगभग आधे से एक घंटे तक वहां रहे। इस दौरान वे अन्य भक्तों के साथ बैठकर सत्संग सुनते नजर आए। बताया जा रहा है कि उनके इस दौरे को पूरी तरह गोपनीय रखा गया था। यहां तक कि जिस होटल में वे ठहरे थे, वहां कमरा भी किसी अन्य नाम से बुक कराया गया था। यह पहली बार नहीं है जब दोनों संत प्रेमानंद महाराज से मिलने पहुंचे हों। इससे पहले भी वे कई बार वृंदावन आकर उनका आशीर्वाद ले चुके हैं।
इससे पहले मुंबई एयरपोर्ट पर भी दोनों का सादगी भरा अंदाज चर्चा में रहा। विराट कोहली सफेद शर्ट में नजर आए, जिसमें उनका लुक बेहद सादा और आकर्षक था। वहीं अनुष्का शर्मा प्रिंटेड कुर्ता-पलाजो में दिखाई दीं। उनके गले में पहनी तुलसी की माला ने लोगों का खास ध्यान खींचा। सोशल मीडिया पर फैंस कपल की सादगी और आध्यात्मिक जुड़ाव की जमकर तारीफ कर रहे हैं।




