देश के 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव प्रक्रिया चल रही है। इनमें से 26 सीटों पर पहले ही निर्विरोध चुनाव हो चुके हैं, जबकि बाकी 11 सीटों के लिए सोमवार को मतदान होगा। इन 11 सीटों में बिहार की 5, ओडिशा की 4 और हरियाणा की 2 सीटें शामिल हैं। मतदान सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक होगा और उसी दिन मतगणना के बाद परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
दरअसल, इस बार हरियाणा, ओडिशा और बिहार की सीटों को लेकर राजनीतिक सरगर्मी ज्यादा बढ़ गई है। इन राज्यों में एनडीए और विपक्षी गठबंधन के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। राजनीतिक दलों ने अपनी रणनीति तेज कर दी है और विधायकों को साधने की कोशिशें जारी हैं।
कहां कितनी सीटों पर होना है चुनाव
इस चुनाव में महाराष्ट्र की 7, तमिलनाडु की 6, बिहार की 5, पश्चिम बंगाल की 5, ओडिशा की 4, असम की 3, तेलंगाना की 2, छत्तीसगढ़ की 2, हरियाणा की 2 और हिमाचल प्रदेश की 1 सीट पर सांसद चुने जाने हैं। इनमें से कई सीटों पर उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध चुन लिए गए हैं, जबकि शेष सीटों पर मतदान कराया जा रहा है।
इन सांसदों का खत्म हो रहा कार्यकाल
महाराष्ट्र से जिन सांसदों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है उनमें शरद पवार (एनसीपी शरद गुट), प्रियंका चतुर्वेदी (शिवसेना यूबीटी), डॉ. भागवत कराड (भाजपा), डॉ. फौजिया खान (एनसीपी), धैर्यशील पाटील (शिवसेना शिंदे गुट), रजनी पाटील (कांग्रेस) और रामदास आठवले (आरपीआई) शामिल हैं।
ओडिशा से ममता मोहंता, मुजीबुल्ला खान, सुजीत कुमार और निरंजन बिशी (सभी बीजेडी) का कार्यकाल खत्म हो रहा है। तमिलनाडु से एनआर एलंगो, पी. सेल्वारासु, तिरुचि शिवा और कनिमोझी एनवीएन सोमू (डीएमके), एम. थंबीदुरई (एआईएडीएमके) और जीके वासन (तमिल मनीला कांग्रेस) का कार्यकाल समाप्त हो रहा है।
पश्चिम बंगाल से साकेत गोखले, ऋतब्रत बनर्जी और मौसम नूर (टीएमसी) तथा विकास रंजन भट्टाचार्य (सीपीआईएम) का कार्यकाल खत्म हो रहा है।
असम से रामेश्वर तेली और भुवनेश्वर कलिता (भाजपा) तथा अजीत कुमार भुइयां (असम जातीय परिषद) का कार्यकाल समाप्त हो रहा है।
बिहार से अमरेंद्र धारी सिंह और प्रेमचंद गुप्ता (आरजेडी), रामनाथ ठाकुर और हरिवंश नारायण सिंह (जदयू) तथा उपेंद्र कुशवाहा (आरएलएसपी) का कार्यकाल पूरा हो रहा है।
छत्तीसगढ़ से केटीएस तुलसी और फूलो देवी नेताम (कांग्रेस) का कार्यकाल समाप्त होगा।
हरियाणा से किरण चौधरी (कांग्रेस) और रामचंद्र जांगड़ा (भाजपा) का कार्यकाल खत्म हो रहा है।
हिमाचल प्रदेश से इंदु गोस्वामी (भाजपा) का कार्यकाल समाप्त हो रहा है।
तेलंगाना से डॉ. अभिषेक मनु सिंघवी और केआर सुरेश रेड्डी (कांग्रेस) का कार्यकाल भी पूरा हो रहा है।




