InternationalTop News

बांग्लादेश में 13वें आम चुनाव के लिए मतदान जारी, कड़ी सुरक्षा के बीच 12.7 करोड़ मतदाता कर रहे वोटिंग

बांग्लादेश में 13वीं राष्ट्रीय संसद के लिए मतदान स्थानीय समयानुसार सुबह 7:30 बजे शुरू हो गया है। देशभर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वोटिंग जारी है। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के नेता तारिक रहमान ने ढाका के गुलशन मॉडल स्कूल स्थित मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। उन्होंने कहा कि यदि उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो प्राथमिकता देश की सुरक्षा और नागरिकों को सुरक्षित माहौल देने पर होगी।

अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस के सुबह 10 बजे मतदान करने की जानकारी है। अन्य प्रमुख दलों के नेताओं ने भी अपने मताधिकार का उपयोग किया है। मतदान शाम 4:30 बजे तक चलेगा, जबकि मतगणना शाम 5 बजे से शुरू होगी। बांग्लादेश की 300 संसदीय सीटों में से 299 सीटों पर मतदान हो रहा है। शेरपुर-3 सीट पर एक उम्मीदवार के निधन के कारण वहां चुनाव स्थगित कर दिया गया है। चुनाव आयोग के अनुसार लगभग 12.77 करोड़ पंजीकृत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।

यह चुनाव शेख हसीना सरकार के पतन के बाद पहला आम चुनाव है। वर्ष 2024 में छात्रों के नेतृत्व में हुए जनआंदोलन के बाद राजनीतिक परिदृश्य में बड़ा बदलाव आया था। उसी पृष्ठभूमि में यह चुनाव देश के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।अधिकारियों के मुताबिक आधे से अधिक मतदान केंद्रों को अति संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। सभी प्रमुख केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात हैं और सीसीटीवी के जरिए निगरानी की जा रही है।

इस बार का चुनाव आवामी लीग की अनुपस्थिति में हो रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के खिलाफ कार्रवाई के बाद उनकी पार्टी पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। ऐसे में मुख्य मुकाबला बीएनपी और जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले 11 दलों के गठबंधन के बीच माना जा रहा है। तारिक रहमान, जो लंबे समय के निर्वासन के बाद ढाका लौटे हैं, प्रधानमंत्री पद के प्रमुख दावेदारों में गिने जा रहे हैं। मतदान के साथ ही एक राष्ट्रीय जनमत संग्रह भी कराया जा रहा है, जिसमें संवैधानिक, चुनावी और संस्थागत सुधारों से जुड़े 84 बिंदुओं पर जनता की राय ली जा रही है। चुनाव परिणाम देश की आगामी राजनीतिक दिशा तय करेंगे।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH