नई दिल्ली। दिल्ली चुनाव के नतीजों के बाद अरविंद केजरीवाल मंथन कर रहे हैं. कैसे हार हुई, कहां चूक हुई, पार्टी नेताओं संग बातचीत कर रहे हैं. इस बीच अरविंद केजरीवाल ने आज पंजाब के आप विधायकों संग बैठक की. आम आदमी पार्टी के चीफ अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कपूरथला हाउस में यह बैठक की. इस बैठक में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और पार्टी के अन्य विधायक मौजूद थे. बताया गया कि यह बैठक महज आधे घंटे तक चली.
दिल्ली में 75 सालों में नहीं हुआ ऐसा काम
भगवंत मान ने कहा, ‘अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली चुनाव में विधायकों के काम के लिए उनका धन्यवाद किया है। पंजाब सरकार लोगों के कल्याण के लिए काम कर रही है। आज भी दिल्ली के लोग कहते हैं कि उन्होंने पिछले 75 सालों में ऐसा काम नहीं देखा, जैसा AAP ने पिछले 10 सालों में किया है।’
दिल्ली के अनुभव को पंजाब में करेंगे इस्तेमाल
भगवंत मान ने कहा, ‘हम दिल्ली के अनुभव का पंजाब में इस्तेमाल करेंगे। हम मिलकर काम करेंगे। हमारी पार्टी अपने काम के लिए जानी जाती है। आज की बैठक में फैसला हुआ कि आने वाले दो सालों में हम पंजाब को एक ऐसा मॉडल बनाएंगे, जिसे पूरा देश देखेगा। पंजाब हमेशा सभी लड़ाइयों में सबसे आगे रहा है।’
पंजाब को बनाएंगे पूरे देश के लिए मॉडल स्टेट
भगवंत मान ने कहा कि पंजाब की सरकार जनहित में काम कर रही है। स्कूल और अस्पतालों का कायाकल्प किया गया है। दिल्ली की टीम का तजुर्बा पंजाब में भी इस्तेमाल होगा। पंजाब को ऐसा मॉडल बनाएंगे कि पूरा देश देखेगा। पंजाब को पूरे देश के लिए मॉडल स्टेट बनाएंगे।