NationalTop News

कांगड़ा में होगा विंग कमांडर नमन स्याल का अंतिम संस्कार, आज घर पहुंचेगा पार्थिव शरीर

नई दिल्ली। दुबई एयर शो 2025 के अंतिम दिन शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में भारतीय वायुसेना का तेजस लड़ाकू विमान क्रैश हो गया। इस दुर्घटना में भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर नमन स्याल ने वीरगति प्राप्त की। हादसे के बाद उनके पैतृक गांव पटियालकर (जिला कांगड़ा, हिमाचल प्रदेश) में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के मुताबिक, इंडियन एयर फोर्स का एलसीए तेजस Mk-1 विमान दुबई के अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एयर शो के दौरान करतब दिखाते समय अचानक नियंत्रण खो बैठा। दोपहर करीब 2 बजकर 10 मिनट पर विमान तेज गति से नीचे गिरा और टकराते ही आग का भीषण गोला बन गया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में हादसे के चंद सेकंड पहले का दृश्य साफ देखा जा सकता है।

भारतीय वायुसेना ने हादसे पर गहरा शोक जताते हुए कहा कि वह इस कठिन समय में शहीद पायलट के परिवार के साथ खड़ी है। वायुसेना ने दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के आदेश दे दिए हैं। विंग कमांडर नमन स्याल मूल रूप से हिमाचल के कांगड़ा जिले के पटियालकर गांव के रहने वाले थे। उनका पार्थिव शरीर पहले चेन्नई लाया जाएगा, जिसके बाद सैन्य सम्मान के साथ गांव में अंतिम संस्कार किया जाएगा। गांव के पूर्व प्रधान शश धीमान ने बताया कि खबर सुनते ही पूरा गांव सदमे में चला गया और हर कोई परिवार के दुख में साथ खड़ा है।

नमन स्याल एक सैन्य पृष्ठभूमि वाले परिवार से थे। उनकी पत्नी अफसाना स्याल भारतीय वायुसेना में अधिकारी हैं, जबकि उनके पिता जगन नाथ स्याल भारतीय थलसेना से सम्मानित रूप से सेवानिवृत्त हुए थे। दंपति की पांच साल की बेटी है, जिसकी मासूम उम्र में ही पिता का साया उठ गया।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH