दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के द्वारका इलाके में तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने कार चला रहे आरोपी को हिरासत में लिया है। जांच में पता चला कि आरोपी 17 वर्षीय नाबालिग है। उसे जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश किया गया, जहां से बोर्ड परीक्षाओं के आधार पर उसे 10 फरवरी 2026 को अंतरिम जमानत दे दी गई। कार को जब्त कर लिया गया है और आरोपी के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं मिला।
उम्र को लेकर हुई थी शुरुआती भ्रम
Delhi Police के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में आरोपी की उम्र 19 वर्ष दर्ज की गई थी, लेकिन दस्तावेजी जांच में वह 17 वर्ष का पाया गया। नाबालिग होने के कारण उसे जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड में पेश किया गया। बोर्ड ने उसकी कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए अंतरिम जमानत प्रदान की। पुलिस ने बताया कि हादसे के समय आरोपी की बहन भी कार में मौजूद थी और मोबाइल फोन चला रही थी। रील बनाने संबंधी किसी ठोस साक्ष्य की पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। आरोपी के पिता द्वारका क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े हैं। मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 199A के तहत नाबालिग द्वारा वाहन चलाने की स्थिति में अभिभावक की जिम्मेदारी तय की जाती है। इस संबंध में चार्जशीट में प्रावधान जोड़ा जाएगा और आगे की कार्रवाई अदालत तय करेगी।
उल्टी दिशा से आकर बाइक से टकराई स्कॉर्पियो
पुलिस के मुताबिक, 3 फरवरी को लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज के पास सड़क हादसे की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर एक स्कॉर्पियो, एक डिजायर कार और एक मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में मिलीं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि स्कॉर्पियो कथित रूप से गलत दिशा से आ रही मोटरसाइकिल से टकराई और फिर सड़क किनारे खड़ी डिजायर कार से जा भिड़ी। इस हादसे में बाइक सवार साहिल धनेशरा (23) की मौत हो गई, जबकि टैक्सी चालक अजीत सिंह घायल हो गया। उसे आईजीआई अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसका बयान दर्ज कर लिया गया है। घटना स्थल मुख्य सीसीटीवी कवरेज में नहीं आता, हालांकि एंट्री और एग्जिट प्वाइंट के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
मृतक की मां ने सोशल मीडिया पर मांगा न्याय
हादसे में जान गंवाने वाले युवक की मां ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भावुक अपील करते हुए अपने बेटे के लिए न्याय की मांग की है। उन्होंने लिखा कि उन्होंने अपने बेटे को 23 वर्षों तक अकेले पाला-पोसा और अब उसे इंसाफ चाहिए। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।




