पंजाबी सिंगर और अभिनेता एमी विर्क की कार पर कनाडा में फायरिंग की घटना सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, हमलावरों ने उनकी गाड़ी को निशाना बनाकर करीब सात राउंड गोलियां चलाईं। राहत की बात यह रही कि हमले में एमी विर्क और उनकी टीम के किसी सदस्य को नुकसान नहीं पहुंचा। बुलेटप्रूफ वाहन होने की वजह से सभी सुरक्षित बच गए।घटना उस वक्त हुई जब एमी विर्क अपना कॉन्सर्ट खत्म करने के बाद टीम के साथ लौट रहे थे। गोलीबारी के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
कॉन्सर्ट के बाद लौट रहे थे एमी विर्क
एमी विर्क इन दिनों कनाडा में अपने ‘यूनिटी टूर’ के तहत कार्यक्रम कर रहे हैं। हाल ही में उनका शो एबॉट्सफोर्ड के रोजर्स फोरम हॉल में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम खत्म होने के बाद वह रात करीब 11 बजे अपनी टीम के साथ वाहन से वापस लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि मैक्कलम रोड के पास SUV में सवार कुछ हमलावरों ने उनकी गाड़ी को निशाना बनाया और करीब सात राउंड फायरिंग की। इसके बाद हमलावर वहां से भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और इलाके में जांच शुरू कर दी गई।फिलहाल पुलिस गोलीबारी के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। जांच टीम घटनास्थल के आसपास लगे निगरानी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी देख रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। एमी विर्क और उनकी टीम के सुरक्षित होने की जानकारी सामने आने के बाद उनके फैंस ने राहत की सांस ली है।
कई पंजाबी कलाकार पहले भी हो चुके हैं निशाने पर
कनाडा में पंजाबी कलाकारों से जुड़ी फायरिंग की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। साल 2024 में एपी ढिल्लों के कनाडा स्थित घर के बाहर गोलीबारी की घटना की खबर सामने आई थी। इसके अलावा तेजी काहलों, करण औजला और गिप्पी ग्रेवाल जैसे कलाकारों से जुड़ी घटनाएं भी सुर्खियों में रही हैं। एमी विर्क पंजाबी म्यूजिक के साथ-साथ फिल्मों में भी सक्रिय हैं। वह ‘बैड न्यूज़’, ‘भुज: द प्राइड ऑफ इंडिया’, ‘83’ और ‘खेल खेल में’ जैसी फिल्मों में नजर आ चुके हैं। अब उनकी कार पर हुई फायरिंग की घटना ने कनाडा में रह रहे पंजाबी कलाकारों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।




