नई दिल्ली। दिल्ली के आरके पुरम थाना इलाके में सनसनीखेज घटना सामने आई है। रविवार तड़के सुबह साढ़े चार बजे बदमाशों ने अंबेडकर बस्ती में दो बहनों को गोली मार दी। जख्मी दोनों बहनों को दिल्ली के एसजे अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उनकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। गोली की आवाज सुन इलाके में हड़कंप मच गया। किसी ने फायरिंग की की सूचना पुलिस को दी, तो तत्काल एक टीम मौके पर पहुंची। मृतक दोनों बहनों के नाम पिंकी और ज्योति है। पिंकी की उम्र उम्र 30 साल और ज्योति की उम्र 29 साल बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि पैसों के विवाद में दोनों बहनों की हत्या हुई है।
बताया जा रहा है कि बदमाशों से ज्योति और पिंकी के भाई ने 15 हजार रुपये लिए थे। इसी पैसों को बदमाश सुबह लेने आए थे। ज्योति और पिंकी की भाभी ने बताया कि बदमाशों ने घर के दरवाजे को कई बार धक्का दिया, लेकिन दरवाजा किसी ने नहीं खोला। इसके बाद बदमाश दोबारा सुबह साढ़े चार बजे आए। फिर दरवाजा खटखटाया। इस बार घर के परिजनों ने दरवाजा खोल दिया।
साउथ वेस्ट दिल्ली के डीसीपी मनोज सी ने बताया कि आरके पुरम थाना क्षेत्र के अंबेडकर बस्ती इलाके में अज्ञात हमलावरों ने आज रविवार को दो महिलाओं की गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिजनों के अनुसार भाई को बदमाश गोली मारने वाले थे, लेकिन उनके सामने दोनों बहने आ गईं। इसके बाद बदमाशों ने इन्हे ही निशाना बनाते हुए गोली चला दी। गोली लगते ही दोनों बहनें जमीन पर गिर गईं। उन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।




