NationalTop NewsUttar Pradesh

प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान का चौथा दिन, जन्मभूमि परिसर में SPG ने डाला डेरा; रामनगरी में आज रहेंगे CM

अयोध्या। 22 जनवरी को अयोध्या स्थित राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होनी है। भगवान राम की मूर्ति को मंदिर के गर्भगृह में रख दिया गया है। शुक्रवार को प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान का चौथा दिन है।

अयोध्या में जन्मभूमि स्थित राम मंदिर में गुरुवार को दिन में 12:30 बजे के बाद राममूर्ति का प्रवेश हुआ। दोपहर 1:20 बजे यजमान द्वारा प्रधानसंकल्प होने पर वेदमन्त्रों की ध्वनि से वातावरण मंगलमय हुआ। मूर्ति के जलाधिवास तक के कार्य गुरुवार को संपन्न हुए।

आज के कार्यक्रम 

शुक्रवार को प्रातः 9 बजे अरणिमन्थन से अग्नि प्रकट होगी। इसके पहले गणपति आदि स्थापित देवताओं का पूजन, द्वारपालों द्वारा सभी शाखाओं का वेदपारायण, देवप्रबोधन, औषधाधिवास, केसराधिवास, घृताधिवास, कुण्डपूजन, पञ्चभूसंस्कार होगा।

अरणिमन्थन द्वारा प्रगट हुई अग्नि की कुण्ड में स्थापना, ग्रहस्थापन, असंख्यात रुद्रपीठस्थापन, प्रधानदेवतास्थापन, राजाराम- भद्र – श्रीरामयन्त्र – बीठदेवता – अङ्गदेवता – आवरणदेवता – महापूजा, वारुणमण्डल, योगिनीमण्डलस्थापन, क्षेत्रपालमण्डलस्थापन, ग्रहहोम, स्थाप्यदेवहोम, प्रासाद वास्तुश्शान्ति, धान्याधिवास सायंकालिक पूजन और आरती होगी।

लता मंगेशकर चौक के पास सेल्फी पॉइंट

अयोध्या में भक्तों के लिए लता मंगेशकर चौक के पास सेल्फी पॉइंट स्थापित किए गए, जिन्हें मूर्तियों, पोस्टरों और बैनरों से सजाया गया है।

रामजन्मभूमि परिसर में SPG ने डाला डेरा

प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा के अभूतपूर्व प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं। मुख्य आयोजन स्थल रामजन्मभूमि परिसर में एसपीजी की एक टीम ने डेरा डाल दिया है।

परिसर में पीएम से जुड़े आयोजन के प्रबंध एसपीजी की निगरानी में हो रहे हैं। परिसर के अंदर से लेकर संपूर्ण रामनगरी में परिंदा भी पर न मार सके, ऐसे प्रबंध सुरक्षा एजेंसियां सुनिश्चित कर रही हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज आएंगे रामनगरी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज शुक्रवार को रामनगरी आएंगे। इस वर्ष मुख्यमंत्री का यह तीसरा दौरा होगा। मुख्यमंत्री हनुमानगढ़ी के दर्शन करेंगे। मुख्यमंत्री 22 जनवरी को होने वाले प्राण-प्रतिष्ठा आयोजन की फाइनल तैयारियों के संदर्भ में बैठक लेंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को सुबह 11 बजे अयोध्या धाम आएंगे। तत्पश्चात हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद टेंट सिटी का निरीक्षण करेंगे। दोपहर दो बजे से अंतरराष्ट्रीय राम कथा संग्रहालय में 22 जनवरी के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की तैयारी की समीक्षा करेंगे।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH