Top NewsUttar Pradesh

बागपत: नौ बीघा जमीन के लिए छोटे भाई की हत्या, लाश छोड़कर पत्नी संग भागा आरोपित

बड़ौत/बागपत। उप्र के बागपत के जौनमाना गांव में बड़े भाई ने नौ बीघा जमीन के लिए छोटे भाई की फावड़े से काटकर हत्या कर दी। आरोपित अपनी पत्नी को लेकर फरार हो गया। आरोपित ने घटना की जानकारी अपने बेटे को दी। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया और युवक के शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद कर लिया है।

जौनमाना गांव में हरबीर सिंह के बेटे रविंद्र, शोकेंद्र और अशोक एक ही घर में रहते हैं। इनमें केवल रविंद्र ही शादीशुदा है। शोकेंद्र अक्सर बाहर रहता है। रविंद्र का बेटा अक्षय भी शादीशुदा है। वह भी पत्नी को लेकर गांव से बाहर रहता है।

नौ बीघा जमीन के लिए था विवाद

रविंद्र, शोकेंद्र और अशोक के बीच पुश्तैनी नौ बीघा कृषि भूमि को लेकर विवाद चल रहा था। ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार रात घर पर रविंद्र, उसकी पत्नी और अशोक मौजूद थे। रात के समय रविंद्र और अशोक के बीच भूमि के बंटवारे को लेकर झगड़ा हो गया।

रात लगभग ढाई बजे रविंद्र ने फावड़े से अशोक पर कई प्रहार किए, जिसके बाद वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया और उसने दम तोड़ दिया। रविंद्र ने अशोक के शव को बाथरूम में डाल दिया और उसका दरवाजा बंद कर दिया। उसके बाद आरोपित रविंद्र अपनी पत्नी को लेकर घर का ताला लगाकर चला गया।

रविंद्र ने मंगलवार सुबह बेटे अक्षय को जानकारी दी कि उसकी मां बीमार है। अक्षय सुबह लगभग 10 बजे घर पहुंचा तो घर का ताला बंद देखकर पिता को फोन किया। रविंद्र ने अक्षय को बड़ौत बुलाया और अशोक की हत्या करने की जानकारी दी। अक्षय ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।

इंस्पेक्टर संजय कुमार ने बताया कि नौ बीघा कृषि भूमि को लेकर रविंद्र ने छोटे अविवाहित भाई की हत्या कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रविंद्र से पूछताछ की जा रही है। उसकी पत्नी को भी तलाश किया जा रहा है। घटना का मुकदमा अशोक के चाचा नरेंद्र ने रविंद्र के खिलाफ दर्ज कराया है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH