InternationalNationalTop News

पीएम मोदी इजरायल दौरे पर, सांसदों को करेंगे संबोधित और नेतन्याहू से वार्ता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (25 फरवरी) से दो दिन के लिए इजरायल दौरे पर हैं। यह दौरा बेंजामिन नेतन्याहू के निमंत्रण पर हो रहा है और 9 साल बाद पीएम मोदी का यह दूसरा दौरा है; इससे पहले वह 2017 में इजरायल गए थे। इस दौरान प्रधानमंत्री करीब 30 घंटे इजरायल में रुकेंगे और इजरायली संसद ‘नेसेट’ को संबोधित करेंगे। वे ऐसा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बनेंगे।दौरे के दौरान पीएम मोदी और नेतन्याहू भारत-इजरायल रणनीतिक साझेदारी की प्रगति का मूल्यांकन करेंगे। इसके अलावा साइंस और टेक्नोलॉजी, नवाचार, रक्षा और सुरक्षा, कृषि, जल प्रबंधन, व्यापार और आर्थिक सहयोग तथा जनसंपर्क जैसे क्षेत्रों में आगे के सहयोग के अवसरों पर चर्चा होगी।

प्रधानमंत्री सुबह दिल्ली से रवाना होंगे। दोपहर में संसद में भाषण देने के अलावा वे भारतीय समुदाय के कार्यक्रम में शामिल होंगे और टेक्नोलॉजी प्रदर्शनी का दौरा करेंगे। शाम को पीएम मोदी और नेतन्याहू के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी, और नेतन्याहू पीएम मोदी के लिए डिनर की मेजबानी करेंगे।दूसरे दिन, गुरुवार (26 फरवरी) को पीएम मोदी यहूदी नरसंहार स्मारक का दौरा कर श्रद्धांजलि देंगे और इजरायल के राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग से मुलाकात करेंगे।

पीएम मोदी के इस दौरे के दौरान भारत और इजरायल के बीच हथियारों से जुड़ी डील पर चर्चा की संभावना है, जिसमें ड्रोन और एंटी-बैलिस्टिक मिसाइल सिस्टम शामिल हो सकते हैं। मोदी और नेतन्याहू की दोस्ती पिछले कई वर्षों से गहरी रही है; 2017 में पीएम मोदी के इजरायल दौरे के बाद नेतन्याहू 2018 में भारत आए थे। दोनों नेताओं ने पिछले साल 10 दिसंबर और 7 जनवरी को फोन वार्ता के जरिए भी विचार साझा किए थे।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH