Top NewsUttar Pradesh

राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियों में भिड़ंत, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा, कांग्रेस नेता सुरक्षित

सुलतानपुर: उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के काफिले के पीछे चल रही गाड़ियां हादसे का शिकार हो गईं। सुलतानपुर जिले के हलियापुर क्षेत्र में माइलस्टोन 89.5 के पास चार कारों और एक एंबुलेंस के बीच टक्कर हो गई। राहत की बात यह रही कि राहुल गांधी सुरक्षित हैं। जानकारी के मुताबिक, राहुल गांधी सोमवार को मानहानि के एक मामले में अदालत में पेश होने के लिए सुलतानपुर जा रहे थे। इसी दौरान उनके काफिले के पीछे चल रही गाड़ियों के बीच टक्कर हो गई। घटना के बाद मौके पर स्थिति का जायजा लिया गया।

मानहानि मामले में अदालत में होना है फैसला

राहुल गांधी सुलतानपुर की एमपी-एमएलए अदालत में चल रहे मानहानि मामले के सिलसिले में पेश होने पहुंचे हैं। मामले की सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा ने निर्णय के लिए पत्रावली सुरक्षित रख ली थी। इस मामले में फैसले के समय राहुल गांधी की मौजूदगी को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। राहुल गांधी इससे पहले लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे थे, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वह सड़क मार्ग से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे होते हुए सुलतानपुर के लिए रवाना हुए। उनके दौरे को देखते हुए कांग्रेस कार्यकर्ता भी अलग-अलग स्थानों पर जुटे थे।

क्या है राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का मामला?

यह मामला कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान राहुल गांधी की ओर से दिए गए एक कथित विवादित बयान से जुड़ा है। आरोप है कि उन्होंने तत्कालीन भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, जो वर्तमान में केंद्रीय गृह मंत्री हैं, को लेकर टिप्पणी की थी। इस बयान से आहत होने का दावा करते हुए स्थानीय भाजपा नेता विजय मिश्रा ने सुलतानपुर की अदालत में परिवाद दाखिल किया था। मामले में गवाहों के बयान और अन्य कानूनी प्रक्रियाओं के बाद राहुल गांधी की आवाज के नमूने के मिलान का मुद्दा भी उठा था। इस संबंध में परिवादी की याचिका उच्च न्यायालय में खारिज हो गई थी। अब इस मामले में अदालत के निर्णय पर सबकी निगाहें टिकी हैं। राहुल गांधी की पेशी को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH