Regional

बेंगलुरु में कार से मिले 9 करोड़ रुपये कैश, 500 के नोटों से भरा था सूटकेस, दो हिरासत में

बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक कार से भारी मात्रा में नकदी बरामद होने के बाद हड़कंप मच गया। आयकर विभाग ने एक हुंडई क्रेटा से करीब 9 करोड़ रुपये नकद बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि रकम 500 रुपये के नोटों के बंडलों में रखी गई थी। नकदी के स्रोत और उसके इस्तेमाल को लेकर जांच शुरू कर दी गई है।

होसुर जा रही कार को पुलिस ने रोका

पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई 18 अगस्त की रात हुई। आयकर विभाग के अधिकारियों को सूचना मिली थी कि एक कार में बड़ी रकम लेकर बेंगलुरु से तमिलनाडु के होसुर की ओर जाया जा रहा है। इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी पुलिस की टीम ने होसुर रोड पर एक्सप्रेसवे टोल प्लाजा के बाद सिग्नल के पास कार को रोक लिया। कार में दो लोग सवार थे, जिन्हें पूछताछ के लिए पुलिस स्टेशन ले जाया गया।

सूटकेस में मिले 500 रुपये के नोट

आयकर अधिकारियों ने कार की तलाशी ली तो उसमें रखे एक सूटकेस से करीब 9 करोड़ रुपये नकद बरामद हुए। ज्यादातर रकम 500 रुपये के नोटों में थी। शुरुआती पूछताछ में दोनों युवक रकम से जुड़े जरूरी दस्तावेज या संतोषजनक हिसाब नहीं दे पाए।पुलिस के अनुसार, एक संदिग्ध की पहचान 42 वर्षीय सचिन के तौर पर हुई है, जिसका संबंध तमिलनाडु के थूथुकुडी स्थित सिंधु ज्वैलर्स से बताया जा रहा है। दूसरे व्यक्ति की पहचान को लेकर जांच की जा रही है।

तमिलनाडु में भी मिली 1.3 करोड़ की रकम

मामले की जांच आगे बढ़ने पर तमिलनाडु में संदिग्धों से जुड़े कुछ परिसरों की तलाशी भी ली गई। यहां से करीब 1.3 करोड़ रुपये और बरामद होने की जानकारी सामने आई है। अब आयकर विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई और इसे कहां ले जाया जा रहा था। अधिकारियों की जांच में नकदी से जुड़े दस्तावेज और दूसरे वित्तीय रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH