Regional

बिहार: फगुआ गीतों, जोगीरा के बीच होली की धूम

1125

पटना | बिहार में राजधानी पटना सहित राज्य के तमाम इलाकों में गुरुवार को रंगों का त्यौहार होली धूमधाम से मनाया जा रहा है। कई इलाकों में फगुआ और जोगीरा गीतों के बीच लोग ‘कुर्ताफाड़ होली’ तो कहीं रंगों की होली और कहीं लोग ‘धूल होली’ खेलकर आनंद ले रहे हैं। पटना, गया, औरंगाबाद, पूर्णिया, सहरसा, सासाराम, कैमूर इलाकों के शहरों में लोग जहां रंगों के त्यौहार की खुशी में डूबे हैं, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में फगुआ गीतों की गूंज सुनाई दे रही है। गांवों में मंडलियां सुबह से ही निकलकर फाग गीत और जोगीरा गाते हुए होली के रंग में मदमस्त झूम रही हैं।

वैसे, राज्य के कुछ क्षेत्रों में बुधवार को होली मनाई गई थी, परंतु अधिकांश क्षेत्रों में गुरुवार को होली का पर्व मनाया जा रहा है। नव वर्ष के आगमन पर देवालयों में भी श्रद्धालु अपने आराध्य की पूजा-अर्चना करने में लगे हुए है। मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी हुई है। बक्सर, रोहतास और पटना के कुछ हिस्सों में कुर्ताफाड़ होली की उमंग में लोग डूबे हुए हैं। कई स्थानों पर होली के फिल्मी और भोजपुरी गीतों के बीच लोग नृत्य कर होली पर्व मना रहे हैं। इधर, होली के मौके को लेकर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए है। संवदेनशील स्थानों पर दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। शराब की दुकानें बंद रखने का आदेश है।

=>
=>
loading...