लखनऊ। प्रयागराज में कैंसर पीड़ित बच्चा एक दिन का एडीजी बना। 12 साल के हर्ष पिछले दो साल से बोन कैंसर से पीड़ित है। ऐसे में एडीजी जोन प्रेम प्रकाश ने हर्ष दूबे को 1 दिन का एडीजी जोन बनाकर उसकी हौसला अफजाई की। दिलचस्प बात ये है की हर्ष ने भी बाकायदा एडीजी ऑफिस में बैठकर पुलिस व्यवस्था को समझा। वायरलेस से कंट्रोल रूम को दिशा निर्देश दिया।ऑफिस में डॉक्यूमेंट पर सिग्नेचर करके कार्य रिपोर्ट भी आगे अग्रसारित किया। इतना ही नहीं एडीजी जोन बने हर्ष ने परेड की सलामी भी ली। इस दौरान एडीजी जोन प्रेम प्रकाश ने हर्ष को किट एवं गिफ्ट देकर सम्मानित भी किया। शीर्ष पुलिस अधिकारियों ने “छोटे एडीजी” के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
पिछले दो सालों से हर्ष का कमला नेहरू के डॉक्टर बी पॉल, डॉक्टर राधा रानी घोष और सर्जन डॉक्टर विशाल केवलानी के नेतृत्व में हो रहा है। उनके अनुसार दवा और इलाज का असर तो हो रहा था, लेकिन हर्ष का मनोबल मजबूत नहीं था। हर्ष का पुलिस में भर्ती होना सपना था तो उन्होंने सोचा क्यों न हर्ष को एक दिन के लिए पुलिस अधिकारी बनवाया जाए। जिससे हर्ष गौरवान्वित महसूस करें और इसी के चलते आज एडीजी प्रेम प्रकाश ने हर्ष को 1 दिन का एडीजी बनाया।
बता दें कि हर्ष के पिता संजय प्रयागराज में ही दुबे ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पालन पोषण करते हैं। जब उन्होंने अपने बेटे हर्ष को एडीजी की कुर्सी पर बैठे देखा, तो उनके पास अपनी भावनाओं को व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं थे।




