Uttar Pradesh

उप्र : राज्य पक्षी सारस ने प्राणी उद्यान में दिया अंडा

Sarus-Crane1

लखनऊ । नवाब वाजिद अली शाह प्राणी उद्यान में आज-कल बहुत ही खुशी का माहौल है। प्राणी उद्यान में उत्तर प्रदेश के राज्य पक्षी सारस ने अंडा दिया है। मादा सारस लगातार अंडे की निगरानी कर रही है। सारस का जोड़ा यहां पर नवनिर्मित, विशाल एवं आकर्षक बंदर बाड़े के समीप वाले बाड़े में है। बाड़े में सारस के स्वभाव के अनुरूप पक्का एवं कच्चा तलाब एवं कृत्रिम दलदल तैयार कराया गया है। इसको बहुत ही कम समय में सारस के जोड़े द्वारा स्वीकार कर लिया गया है।

प्राणी उद्यान निदेशक डॉ. अनुपम गुप्ता ने बताया कि सारस की चिड़ियाघर में ब्रीडिंग बहुत ही दुर्लभ है। देश के कुछ गिने-चुने प्राणी उद्यानों में ही सारस की ब्रीडिंग हो पा रही है। इस लिहाज से प्राणी उद्यान में सारस की ब्रीडिंग होना एक विशेष उपलब्धि है। साथ ही प्राणी उद्यान में विभिन्न वन्य जीवों की ब्रीडिंग कराने के प्रयासों की कड़ी में एक और सफलता मिली है। उन्होंने बताया कि लखनऊ चिड़ियाघर ब्रीडिंग के लिए वर्तमान में देश के अग्रणी प्राणी उद्यानों में से एक है।

डॉ. गुप्ता ने बताया कि सारस का विश्व भर में पक्षियों में विशिष्ट स्थान है। सारस विश्व का सबसे ऊंचा उड़ने वाला पक्षी है। यह उत्तर प्रदेश का राज्य पक्षी है। इस समय प्राणी उद्यान में कुल 6 सारस हंै। उन्होंने बताया कि सारस विश्व के गिने-चुने कुछ ही देशों में पाये जाते हैं। विश्व में सबसे अधिक सारस भारत में पाए जाते हैं। सम्पूर्ण भारत सबसे अधिक उत्तर प्रदेश के मध्य इलाकों में पाए जाते हैं। यह दलदली भूमि, वेटलैण्ड तथा जल भराव वाले खेतों में रहते हैं। उन्होंने बताया कि सारस अथक प्रेम की निशानी के रूप में जाना जाता हैं। इनका जोड़ा जीवन प्रयन्त के लिए होता हैं। सारस की इन विशेषताओं के कारण तथा विश्व में उत्तर प्रदेश में पाये जाने के कारण इस सारस को उत्तर प्रदेश के राष्ट्रीय पक्षी का दर्जा प्राप्त है।

=>
=>
loading...