Sports

राष्ट्रमंडल खेल : स्मोकिंग सेरेमनी रही उद्घाटन समारोह का आकर्षण

गोल्ड कोस्ट, 4 अप्रैल (आईएएनएस)| आस्ट्रेलिया की मेजबानी में 21वें राष्ट्रमंडल खेलों का बुधवार को रंगारंग कार्यक्रम के साथ आगाज हुआ। उद्घाटन समारोह का मुख्य आकर्षण आस्ट्रेलिया की एक प्राचीन परंपरा ‘स्मोकिंग सेरेमनी’ रही।

इस मौके पर केरारा स्टेडियम को नीले रंग में रंग दिया गया और समुद्र तट जैसा मंच तैयार किया गया था।

आस्ट्रेलिया के हिप-हॉप स्टार माउ पावर और गायक क्रिस्टियन अनु ने शानदार प्रस्तुति दी। उनके बाद आस्ट्रेलिया के परंपरागत दिदगेरिदो वादकों ने अपनी प्रस्तुति से समां बांधा। इस दौरान आकर्षण का केंद्र स्मोकिंग सेरेमनी रही। यह आस्ट्रेलिया के मूल निवासियों की एक प्राचीन परंपरा है जिसमें वे बुरी आत्माओं को अपने से दूर रखने के लिए पौधों और पत्तों को जलाकर धुआं निकालते हैं।

इस परंपरा के पीछे यह भी मान्यता है कि यह समुदाय को पवित्र करती है, देश की जमीन से जोड़े रखती है।

इस मौके पर प्रिंस ऑफ वेल्स, डचेस ऑफ कोर्नवाल प्रिंस चार्ल्स का आयोजन समिति ने शानदार स्वागत किया। इस समारोह में राष्ट्रमंडल खेल महासंघ (सीजीएफ) की अध्यक्ष लुइस मार्टिन, गोल्ड कोस्ट-2018 राष्ट्रमंडल खेलों की आयोजन समिति के चेयरमैन पीटर बैटी मौजूद थे।

मनोरंजक कार्यक्रमों के बाद वर्णानुसार एक-एक कर सभी देशों के दल ने मार्चपास्ट कर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। भारतीय दल की अगुआई रियो ओलम्पिक की रजत पदक विजेता महिला बैडमिटन खिलाड़ी पी.वी. सिंधु ने की। भारतीय महिला खिलाड़ियों ने इस कार्यक्रम में साड़ी न पहन कर नीले रंग के ब्लैजर और ट्राउजर्स पहने थे। ऐसा पहली बार हुआ है कि किसी भी अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट में भारतीय महिला खिलाड़ियों ने साड़ी नहीं पहनी हो।

इसके अलावा मिगालू ने भी सभी का ध्यान अपनी तरफ खींचा। यह हवा में तैरती एक व्हेल मछली थी जो दर्शकों के ऊपर से होकर निकली।

उद्घाटन समारोह से पहले तकरीबन एक मिनट तक तेज बारिश हुई हालांकि यह 35,000 दर्शकों के जुनून को कमजोर नहीं कर पाई।

लुइस मार्टिन ने अपने संबोधन में कहा, राष्ट्रमंडल अब पहले से ज्यादा महत्व रखता है। हम यहां इन खेलों में लैंगिक समानता को बढ़ावा देना चाहते हैं। इन खेलों की खास बात यह है कि इनमें पुरुष और महिलाओं की पदक स्पर्धाओं की संख्या बराबर है और राष्ट्रमंडल खेलों में ऐसा पहली बार हो रहा है। यह खेल सभी को साथ लाने के लिए हैं।

मार्टिन के इन शब्दों पर पूरा स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज पड़ा।

पीटर बेटी ने कहा, यह एक खूबसूरत दिन है। आपका आस्ट्रेलिया में, क्वींसलैंड और गोल्ड कोस्ट में स्वागत है।

इन दोनों के संबोधन के बाद पूर्व तैराक और 11 बार राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण जीत चुकीं आस्ट्रेलिया की सूसी ओ नील बेटन लेकर स्टेडियम में आईं।

बेटन के आने के बाद प्रिंस चार्ल्स ने कहा, राष्ट्रमंडल खेल-2018 की शुरुआत की घोषणा करते हुए मुझे काफी खुशी हो रही है।

चार्ल्स के संबोधन के बाद आस्ट्रेलियाई सुपर स्टार डेल्टा गोड्रेम ने शानदार प्रस्तुति दी। उनके बाद आस्ट्रेलियाई गायक और लेखक रुएल ने अपने प्रदर्शन से उद्घाटन समारोह का समापन किया।

समापन के समय पूरे आसमान में आतिशबाजी नजर आ रही थी।

भारत के कुल 221 खिलाड़ी इन खेलों में हिस्सा ले रहे हैं। पहले दिन बुधवार को उद्घाटन समारोह में रंगारंग प्रस्तुतियां हुई जबकि गुरुवार से विभिन्न खेलों की प्रतिस्पर्धाएं शुरू होंगी। कुल 71 देश इन खेलों में हिस्सा ले रहे हैं जो 275 स्पर्धाओं में किस्मत आजमाएंगे।

=>
=>
loading...