IANS News

मप्र में बौछारें पड़ने से खुशनुमा सुबह

भोपाल, 13 अप्रैल (आईएएनएस)| मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित अन्य हिस्सों में शुक्रवार की सुबह राहत भरी रही। वहीं, मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में हवाओं के साथ बौछारें पड़ने का क्रम बने रहने की संभावना जताई है। राज्य का मौसम शुक्रवार की सुबह सुहावना रहा। धूप की तल्खी कम रही, वहीं हवाओं के कारण गर्मी से राहत रही। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ीं जिससे न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बौछारें भी पड़ सकती है।

राज्य के मौसम में आए बदलाव ने गर्मी से राहत दिलाई है। शुक्रवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 21 डिग्री, ग्वालियर का 20.2 डिग्री और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 21.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं, गुरुवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 35.3 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 33 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस रहा था।

=>
=>
loading...