शाहजहांपुर। यूपी के शाहजहांपुर में बीते शनिवार को कोचिंग से घर लौट रही छात्रा की एक सिरफिरे ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद वह अपने साथी के साथ बाइक से फरार हो गया। जानकारी मिलते ही लोगों ने छात्रा को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि अरशद नाम का ये युवक सना से एकतरफा प्यार करता था। उसने कई बार सना से अपने प्यार का इजहार भी किया था, लेकिन उसने अरशद के प्रेम प्रस्ताव को ठुकरा दिया था। इसी बात को लेकर अरशद सना से चिढ़ा हुआ था। शनिवार को उसने सना से बदला लेने के लिए उसकी गोली मारकर हत्या कर दी।
वीडियो विचलित कर सकता है
पुलिस ने बताया कि दरोगा मेहरबान अली अपने परिवार के साथ पुलिस लाइन में रहते हैं। दरोगा की दो बेटियां जीनत और सना कोचिंग के लिए गई थीं। कोचिंग से लौटते वक्त सना की अरशद नाम के युवक ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतका की बहन जीनत ने बताया कि जब वे दोनों लौट रही थीं। तभी पुलिस लाइन में ही रहने वाला अरशद आया और दोनों को रोक लिया। उसके बाद वह गाली-गलौज करने लगा। कुछ देर बाद उसने सना को गोली मार दी और वहां से फरार हो गया।
जीनत के मुताबिक, अरशद भी उसी कोचिंग में ही पढ़ता है। उसके पिता भी पुलिस में है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और खून से लथपथ छात्रा को जिला अस्पताल भेजा। हालांकि तब तक उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने कहा कि आरोपी अभी फरार है। उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।