IANS News

ओडिशा : दुष्कर्म के बाद बच्ची की हालत गंभीर, पड़ोसी गिरफ्तार

भुवनेश्वर, 22 अप्रैल (आईएएनएस)| ओडिशा के कटक जिले में छह साल की एक बच्ची के साथ दुष्कर्म के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

लड़की शनिवार की रात सालीपुर इलाके के स्कूल परिसर में बेहोशी की हालत में पाई गई। इसके बाद उसे कटक में एससीबी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस ने कहा कि मामले में आरोपी मोहम्मद मुश्ताक को गिरफ्तार किया गया है, जो लड़की का पड़ोसी है।

लड़की शनिवार को करीब शाम 6 बजे चॉकलेट खरीदने के लिए जगन्नाथपुर नोडल अपर प्राइमरी स्कूल के पास एक दुकान पर गई थी, जिसके बाद वह गायब हो गई। लड़की के घर नहीं लौटने पर परिवार ने उसे खोजना शुरू किया, लेकिन वह नहीं मिली।

बाद में, वह शाम करीब 7.30 बजे स्कूल में बेहोशी की हालत में मिली।

सालीपुर उप प्रभागीय पुलिस अधिकारी पी.के.जेना ने आईएएनएस से कहा, आरोपी उसे चॉकलेट की लालच देकर दूर ले गया। स्कूल परिसर में उसके साथ दुष्कर्म करने के बाद उसने लड़की की गला घोंटकर हत्या करने की कोशिश की।

स्वास्थ्य मंत्री प्रताप जेना ने अस्पताल का दौरा किया।

मंत्री ने कहा, लड़की के इलाज के लिए 13 चिकित्सकों की एक टीम बनाई गई, लड़की को इंटेंसिव केयर यूनिट में रखा गया है। लड़की से दुष्कर्म किया गया है या नहीं, इसका पता विभिन्न विभागों की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद पता चलेगा लेकिन लड़की के शरीर पर कई चोट के निशान हैं।

=>
=>
loading...