मुंबई। बॉलीवुड के दबंग सलमान खान और जैकलिन फर्नांडीज ने ‘रेस 3’ की शूटिंग के लिए सोनमर्ग का रुख किया है। सोनमर्ग की वादियों में दोनों फिल्म के एक रोमांटिक गीत की शूटिंग कर रहे हैं।
घाटी में जैकलिन फर्नांडीज पहली बार शूटिंग कर रही हैं लेकिन सलमान इससे पहले ‘बजरंगी भाईजान’ के लिए यहां शूट कर चुके हैं। पिछली बार दोनों को ‘हैंगओवर’ गीत में रोमांस करते हुए देखा गया था और अब दोनों ‘रेस 3’ के एक रोमांटिक ट्रैक के लिए साथ आए हैं।
इस दौरान सलमान की एक फोटो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है जिसमें वह एटीवी चला रहे हैं। सलमान के साथ उनके बॉडीगार्ड शेरा भी हैं। लग रहा है सलमान एक बार फिर शिकार पर निकले हैं। अरे ऐसा कुछ नहीं है। सलमान बस एटीवी से इलाके का जायजा लेने निकले थे। उनके साथ जम्मू-कश्मीर पुलिस के सशस्त्र जवान भी थे।
बता दें ‘किक’ की सफलता के बाद सलमान खान और जैकलिन फर्नांडीज की ब्लॉकबस्टर जोड़ी दूसरी बार एक्शन थ्रिलर में साथ नजर आने वाली है। फिल्म में सुपरस्टार सलमान खान, जैकलिन फर्नांडीज, अनिल कपूर, डेजी शाह, बॉबी देओल और साकिब सलीम जैसे बेहतरीन कलाकार शामिल हैं। ‘रेस 3’ 2018 की ईद के मौके पर रिलीज होगी।