जहानाबाद। बिहार के जहानाबाद जिले में दशहरा मेला देखने आईं कई महिलाओं को मनचलों ने ब्लेड मारकर घायल कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को विजयादशमी के मौके पर बड़ी संख्या में लोग जहानाबाद के ठाकुरबाड़ी इलाके में मेला देखने पहुंचे थे। इसी दौरान मनचलों ने 15 से ज्यादा लड़कियों और महिलाओं को ब्लेड मारकर घायल कर दिया।
घटना के बाद मची अफरा-तफरी से डरकर लोग मेला छोड़ घर लौट गए। पीड़ितों में ज्यादातर की उम्र 20 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जहानाबाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जब पुलिस ने उन महिलाओं से पूछताछ की तो कोई भी ये नहीं बता पाया कि ये हमला किसने किया था। पुलिस ने कहा कि हमलावर विकृत मानसिकता का प्रतीत हो रहा है क्योंकि वहां किसी के साथ लूट या छीनने की कोई घटना नहीं हुई है।
जहानाबाद के पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने शनिवार को बताया कि सीसीटीवी फुटेज के सहारे आरोपियों के पहचान की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।