InternationalTop News

इंडोनेशिया: उड़ान भरने के 13 मिनट बाद समुद्र में क्रैश हुआ विमान, 188 लोगों के मरने की आशंका

प्रतीकात्मक तस्वीर

जकार्ता। इंडोनेशिया का लॉयन एयर विमान सोमवार को जकार्ता से उड़ान भरने के कुछ मिनटों बाद ही समुद्र में क्रैश हो गया। विमान में 188 यात्री सवार थे जिनमें किसी के भी बचने की उम्मीद न के बराबर है। चैनल न्यूज एशिया के अनुसार लॉयन एयर बोइंग 737 यात्री विमान में क्रू मेंबर और यात्रियों को मिलाकर कुल 188 लोग सवार थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक विमान ने जकार्ता एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। विमान सुमात्रा के पिंगकल पिनॉन्ग जा रहा था। टेक ऑफ के 13 मिनट बाद ही विमान का संपर्क टूट गया था।

बताया जा रहा है कि संपर्क टूटने से पहले पायलट ने प्लेन की वापसी का सिग्नल दिया था। सर्च ऑपरेशन के अधिकारियों ने बताया कि जावा समुद्र तट के पास विमान के टुकड़े नजर आए हैं। इंडोनेशिया के आपदा प्रबंधन बोर्ड के प्रमुख सुतोपो पुरवो नुग्रोहो ने ट्वीट कर कहा, “कारावांग के समुद्र में दुर्घटनाग्रस्त हुए लॉयन एयर जेटी610 विमान के कई टुकड़े बरामद किए गए हैं।”

नुग्रोहो ने कहा कि इस विमान में 178 वयस्क, एक बच्चा, दो नवजात, दो पायलट और पांच फ्लाइट अटेंडेंट थे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खोज एवं बचाव एजेंसी बसारनस और परिवहन मंत्रालय इस स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। 737 मैक्स 8 मॉडल का बोइंग विमान जकार्ता से पंगकल पिनांग जा रहा था। राष्ट्रीय खोज एवं बचाव एजेंसी के प्रवक्ता यूसुफ लतीफ ने कहा, “जकार्ता से उड़ान भरने के कुछ मिनटों बाद ही विमान से संपर्क टूट गया था। उस समय विमान समुद्र के ऊपर से गुजर रहा था।”

बीबीसी के मुताबिक, लॉयन एयर विमान ने सुबह 6.20 बजे जकार्ता से उड़ान भरी थी और यह लगभग एक घंटे में पंगकल पिनांग पहुंचने वाला था लेकिन विमान का सुबह 6.33 बजे संपर्क टूट गया। नुग्रोहो ने विमान के मलबे और विमान से जुड़े सामान की कुछ तस्वीरें ट्वीट कर साझा की। उन्होंने एक वीडियो भी शेयर किया है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH