फूलबाणी। ओडिशा में कंधमाल जिले से एक शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां के सरकारी आदिवासी आवासीय स्कूल में आठवीं में पढ़ने वाली एक छात्रा ने स्कूल परिसर में ही बच्चे को जन्म दिया। छात्रा की उम्र 14 साल बताई जा रही है।
ओडिशा के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति विभाग की ओर से संचालित सेवा आश्रम हाई स्कूल कंधमाल के दरिंगबाड़ी में स्थित है।छात्रा और उसकी नवजात बच्ची को रविवार को फूलबाणी उपमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने कहा कि उनकी हालत सामान्य है।
इस घटना के बाद प्रशासन ने सात कर्मचारियों के खिलाफ रविवार को कार्रवाई की है। अधिकारियों ने बताया कि दो मैट्रन, दो बावर्ची, अटेंडेंट, एक महिला पर्यवेक्षक और एक सहायक नर्स के खिलाफ ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में कार्रवाई की गई है।
छात्रा ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि बच्ची को जन्म देने के थोड़ी देर बाद ही उसे छात्रावास से बाहर कर दिया गया और उसे नजदीक के एक जंगल में शरण में लेने को मजबूर होना पड़ा। बाद में स्थानीय पुलिस ने दोनों को ढूंढा और उन्हें अस्पताल ले गए।